सावधान रेल पेंशनर्स! पीपीओ अपडेट के नाम पर ठगों की नजर, रेलवे ने जारी की एडवाईजरी

भीलवाड़ा/अजमेर। साइबर ठगों ने अब रेल पेंशनरों को अपना नया निशाना बनाना शुरू कर दिया है। रेल अधिकारियों के नाम पर फर्जी कॉल और संदेशों के जरिए हो रही ठगी की शिकायतों को देखते हुए रेल प्रशासन ने विशेष सतर्कता बरतने की अपील जारी की है। ठग पेंशनर्स को झांसे में लेने के लिए पीपीओ अपडेट और केवाईसी जैसे हथकंडे अपना रहे हैं।
अधिकारी बनकर मांग रहे गोपनीय जानकारी
मंडल वरिष्ठ वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन ने बताया कि संज्ञान में आया है कि कुछ साइबर अपराधी खुद को रेल अधिकारी बताकर पेंशनर्स को फोन कर रहे हैं। ये ठग व्हाट्सएप और एसएमएस के जरिए पेंशन भुगतान आदेश (पीपीओ) अपडेट करने, केवाईसी सत्यापन और अतिरिक्त पेंशन लाभ दिलाने का प्रलोभन देते हैं। इस बहाने वे बुजुर्गों से उनकी व्यक्तिगत और वित्तीय जानकारी चुराने का प्रयास कर रहे हैं।
रेलवे नहीं मांगता कोई ओटीपी या बैंक विवरण
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि रेलवे द्वारा पीपीओ या सेवा अभिलेखों के अपडेशन के लिए किसी भी प्रकार का लिंक या संदेश नहीं भेजा जाता है। कोई भी असली रेल अधिकारी फोन कॉल या सोशल मीडिया के माध्यम से बैंक विवरण, ओटीपी, पासवर्ड या अन्य गोपनीय जानकारी की मांग कभी नहीं करता।
सतर्क रहें और तुरंत करें शिकायत
रेल पेंशनरों से अनुरोध किया गया है कि वे ऐसे किसी भी भ्रामक कॉल या लिंक पर भरोसा न करें और न ही कोई ऐप डाउनलोड करें। परिवार के सदस्यों को भी इस बारे में जागरूक रखें। यदि आपके पास कोई संदिग्ध कॉल या संदेश आता है, तो उसकी जानकारी तुरंत नजदीकी पुलिस साइबर सेल या संबंधित रेल प्रशासनिक कार्यालय को दें।
भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें:
समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: [email protected], व्हाट्सएप: 9829041455)
विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129
संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा फोन: 7737741455.
