बागोर: हाजी लियाकत हुसैन शेख की स्मृति में रक्तदान शिविर आयोजित, युवाओं ने उत्साह से किया 100 यूनिट रक्तदान

बागौर (बरदीचंद/हलचल)। कस्बे के समाजसेवी हाजी लियाकत हुसैन शेख की स्मृति में रविवार को सर्व समाज की ओर से विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। मुस्लिम समाज के जमात खाना प्रांगण में आयोजित इस शिविर में युवाओं ने भारी उत्साह दिखाया और दिवंगत आत्मा को अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

दोपहर तक हुआ 100 यूनिट संग्रह

सनवर हुसैन शेख ने बताया कि भीलवाड़ा ब्लड बैंक की टीम के सहयोग से सुबह 10 बजे रक्तदान की प्रक्रिया शुरू हुई। रक्तदान को लेकर क्षेत्र के युवाओं में खासा जज्बा देखा गया, जिसके चलते दोपहर 1 बजे तक ही 100 यूनिट रक्त का संग्रह कर लिया गया। उल्लेखनीय है कि हाल ही में समाजसेवी हाजी लियाकत हुसैन शेख के आकस्मिक निधन के बाद परिजनों ने उनकी स्मृति में सर्व समाज के साथ मिलकर यह पुनीत कार्य करने का निर्णय लिया था।

राकेश सासी ने 25वीं बार किया रक्तदान

शिविर की एक खास उपलब्धि कस्बे के राकेश सासी का जज्बा रहा, जिन्होंने अपनी सामाजिक जिम्मेदारी निभाते हुए 25वीं बार रक्तदान किया।

जनप्रतिनिधि और प्रबुद्ध जन रहे मौजूद

इस पुनीत कार्य में शामिल होने और रक्तदाताओं का उत्साह बढ़ाने के लिए मांडल पूर्व प्रधान शंकर लाल कुमावत, पीएस सदस्य हरीश खटीक, कांग्रेस अध्यक्ष राधेश्याम आचार्य, उप सरपंच घनश्याम देवपुरा, प्राचार्य एजाज हुसैन शेख, दीवान मीरूल हुसैन, राकेश खटीक, रामराय सेठिया, तुलसी राम जीनगर, सुरेश जाट, दीपक देवपुरा, बाला माली, मुख्तियार हुसैन, ख्वाजा हुसैन और जगदीश रेगर सहित सर्व समाज के गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

Next Story