जर्जर सड़क को लेकर बामणी के ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन, प्रशासन को दी चेतावनी

जर्जर सड़क को लेकर बामणी के ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन, प्रशासन को दी चेतावनी
X

भीलवाड़ा। आसींद क्षेत्र के बामणी गांव में जर्जर सड़क की स्थिति को लेकर ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि सात दिन के भीतर सड़क निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ तो वे उग्र आंदोलन करेंगे।

गांव के मध्य से गुजरने वाली यह सड़क इतनी खराब है कि यहां आए दिन हादसे होते रहते हैं। सड़क पर जगह-जगह कीचड़ और पानी भरा रहता है, जिससे छात्र-छात्राओं, महिलाएं और अन्य ग्रामीण आवागमन में भारी परेशानियों का सामना कर रहे हैं। कई लोग फिसलकर गिर जाते हैं और बाइक सवार भी चोटिल हो रहे हैं।

सड़क की बदहाली से परेशान ग्रामीणों और महिलाओं ने गुरुवार को सड़क पर उतरकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने बताया कि उन्होंने कई बार प्रशासन को इस समस्या से अवगत कराया, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं हुआ है।

ग्रामीण बंशी लाल शर्मा ने कहा कि सड़क की खराब हालत के कारण स्कूल जाने वाले बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे अधिक परेशानी हो रही है। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि सात दिन के भीतर सड़क निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया, तो ग्रामीण उग्र आंदोलन करने को मजबूर होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

Tags

Next Story