नए श्रम कानूनों के विरोध में बैंक कर्मचारियों की हड़ताल, 125 से अधिक शाखाओं में सेवा प्रभावित

नए श्रम कानूनों के विरोध में बैंक कर्मचारियों की हड़ताल, 125 से अधिक शाखाओं में सेवा प्रभावित
X

भीलवाड़ा। केंद्रीय सरकार द्वारा लागू नए श्रम कानूनों एवं कथित श्रमिक विरोधी नीतियों के विरोध में आयोजित श्रम संगठनों की एक दिवसीय हड़ताल के तहत राष्ट्रीयकृत बैंकों की प्रमुख यूनियन एआईबीईए, एआईबीओए और बेफी से जुड़े अधिकारियों व कर्मचारियों ने हड़ताल में भाग लिया। हड़ताल के चलते बैंकिंग सेवाओं में व्यवधान उत्पन्न हुआ।

भीलवाड़ा जिला मुख्यालय पर तीनों संगठनों के अधिकारियों और कर्मचारियों ने भारतीय जीवन बीमा निगम के अधिकारियों व कर्मचारियों के साथ निगम कार्यालय के बाहर एकत्र होकर सरकार विरोधी नारे लगाए। प्रदर्शन के दौरान यूनियन के सचिव अशोक कुमार बिड़ला ने नए श्रम कानूनों को लेकर सरकार की आलोचना की और मांग की कि इन कानूनों को अविलंब वापस लिया जाए।

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मांगें नहीं मानी गईं तो बैंकों के सभी नौ संगठन यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस के बैनर तले आगे भी हड़ताल करेंगे। इस दौरान विभिन्न बैंकों के सैकड़ों कर्मचारी उपस्थित रहे।

हड़ताल के कारण जिले की 125 से अधिक बैंक शाखाओं में ग्राहक सेवाएं प्रभावित रहीं। कई शाखाओं में नकदी लेनदेन नहीं होने से ग्राहकों को निराश होकर लौटना पड़ा, जबकि अन्य शाखाओं में कार्य धीमी गति से होने के कारण लोगों को देरी का सामना करना पड़ा।

प्रदर्शन के दौरान बैंक कर्मचारी रमेश महत्ता, शिव सोडाणी, शंकर लाल, रोनक बाल्दी, शिरीष, दीपा और लता चौहान ने नारेबाजी कर कर्मचारियों में उत्साह का संचार किया।

Tags

Next Story