आमजन को बताए गए फीकल स्लज ट्रीटमेंट प्लांट के फायदे, स्वच्छता के प्रति किया जागरूक

गंगापुर, (मुकेश गुर्जर) मंगलवार को
राजस्थान नगरीय आधारभूत विकास परियोजना (आरयूआईडीपी) की सामुदायिक जागरूकता एवं जन सहभागिता (सीएपी) इकाई की ओर से वार्ड नंबर 2 स्थित गुर्जर चौक, कुम्हार मोहल्ला व मेलोनी कॉलोनी में आमजन के साथ बैठक आयोजित की गई। कार्यक्रम में महिलाओं को फीकल स्लज ट्रीटमेंट प्लांट (एफएसटीपी) और फीकल स्लज एवं सेप्टेज मैनेजमेंट (एफएसएसएम) के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
बैठक में सहायक सामाजिक विकास अधिकारी रेखा खटीक ने बताया कि घरों के सेप्टिक टैंकों से निकलने वाले मलजल को एकत्रित कर रायपुर रोड, नेहरू नगर में निर्माणाधीन एफएसटीपी प्लांट तक पहुंचाया जाएगा, जहां इसका वैज्ञानिक तरीके से उपचार कर खाद में परिवर्तित किया जाएगा। इस खाद का उपयोग खेती में किया जा सकेगा, जिससे न केवल गंदगी से निजात मिलेगी बल्कि पर्यावरण भी स्वच्छ रहेगा।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए ई-श्रम कार्ड बनवाने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही स्वच्छता के महत्व पर जोर देते हुए बताया गया कि घरों व आसपास के क्षेत्रों में साफ-सफाई रखने, नालियों में कचरा न डालने और मच्छर-मक्खियों से बचाव करने से मौसमी बीमारियों से बचा जा सकता है।
समूह चर्चा के माध्यम से महिलाओं को स्वच्छता को जीवनशैली का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया गया। अंत में सभी महिलाओं ने अपने मोहल्ले को स्वच्छ रखने की शपथ ली।
इस अवसर पर किरण शर्मा, मोनिका, चंद्रकांता, कंकु रानवा, रेखा प्रजापत एवं मीना सुथार सहित कई महिलाओं का सहयोग रहा।
