भगवान महावीर स्वामी जन्म कल्याणक महोत्सव: भीलवाड़ा में तीन दिवसीय भव्य आयोजन की तैयारियां तेज

भीलवाड़ा । सकल जैन श्वेताम्बर समाज के तत्वावधान में भगवान महावीर स्वामी जन्म कल्याणक महोत्सव 2026 आगामी 29, 30 एवं 31 मार्च को अत्यंत हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ मनाया जाएगा। इस त्रैदिवसीय महोत्सव को लेकर पूरे शहर के जैन समाज में खासा उत्साह व्याप्त है।
महोत्सव के दौरान धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक कार्यक्रमों की एक विस्तृत श्रृंखला आयोजित की जाएगी। आयोजन समिति के अनुसार, मुख्य आकर्षणों में भगवान महावीर के जीवन और आदर्शों पर आधारित प्रश्नोत्तरी, बच्चों के लिए 27 भवों पर केंद्रित चित्रकला प्रतियोगिता, जीवनी पर आधारित नाटिका और सुमधुर संगीतमय भक्ति संध्या शामिल हैं। इसके अतिरिक्त प्रतिदिन प्रातःफेरी, अभिषेक एवं ध्वजारोहण के कार्यक्रम भी संपन्न होंगे।
सेवा और समर्पण का संदेश
महोत्सव के अंतर्गत एक विशाल शोभायात्रा और रक्तदान शिविर का भी आयोजन किया जाएगा, जिसका उद्देश्य समाज में सेवा और मानवीय संवेदनाओं का संचार करना है। आयोजकों ने समाज के सभी वर्गों से सपरिवार इन कार्यक्रमों में सम्मिलित होने की अपील की है। विशेष रूप से 31 मार्च, मंगलवार को मुख्य जयंती के अवसर पर शहरवासियों से अपने व्यापारिक प्रतिष्ठान दोपहर 2 बजे तक स्वैच्छिक रूप से बंद रखकर महोत्सव में सहभागिता निभाने का विशेष अनुरोध किया गया है।
इन्हें सौंपी गई जिम्मेदारियां
महोत्सव के सफल संचालन हेतु वरिष्ठ समाजसेवियों की एक टीम गठित की गई है। संरक्षक मंडल में नवरत्नमल बंब, राजेन्द्र प्रसाद चिपड, जससराज चोरड़िया, विनोद कुमार बंब एवं गोवर्धन सिंह कावड़िया मार्गदर्शन कर रहे हैं।
संयोजक दिलीप मेहता के नेतृत्व में सह-संयोजक नवरत्नमल भलावत, योगेश चंडालिया, पारसमल कूकड़ा एवं ज्ञानमल सुराणा व्यवस्थाएं संभाल रहे हैं। वहीं, कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी नरेंद्र सिंह भंडारी तथा मीडिया संयोजक का कार्य धर्मेंद्र कोठारी एवं मनीष बम्ब को सौंपा गया है। समिति का मानना है कि यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था का केंद्र है, बल्कि सामाजिक एकता और अहिंसा के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम बनेगा।
