भारत विकास परिषद द्वारा तीन दिवसीय बालिका आत्मरक्षा शिविर का समापन

भारत विकास परिषद द्वारा तीन दिवसीय बालिका आत्मरक्षा शिविर का समापन
X

भीलवाड़ा। भारत विकास परिषद, नेताजी सुभाष शाखा के तत्वावधान में संजय कॉलोनी स्थित सर्वोदय शिक्षण संस्थान माध्यमिक विद्यालय में आयोजित तीन दिवसीय बालिका आत्मरक्षा (सेल्फ डिफेंस) शिविर का समापन हुआ। शाखा अध्यक्ष पंकज लोहिया ने बताया कि शिविर का उद्देश्य बालिकाओं को आत्मरक्षा के गुर सिखाने के साथ-साथ जीवन में संस्कारों के महत्व से परिचित कराना रहा।

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा मां भारती एवं स्वामी विवेकानंद के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। शिविर के दौरान आयोजित ‘संस्कार’ विषयक सत्र को संबोधित करते हुए पूर्व राष्ट्रीय मंत्री (संस्कार) बलराज आचार्य ने कहा कि बदलते परिवेश में संस्कार ही जीवन की सबसे मजबूत नींव हैं। उन्होंने मां को जीवन की पहली गुरु बताते हुए कहा कि परिवार में संवाद बढ़ने से ही संगठित परिवार और सशक्त राष्ट्र का निर्माण संभव है।

इस अवसर पर प्रशिक्षिका विनीता तापड़िया ने छात्राओं को आत्मरक्षा के विभिन्न दांव-पेंच सिखाए। उन्होंने कहा कि आज के दौर में स्वयं से बड़ा कोई भरोसा नहीं है। यदि आत्मबल मजबूत हो तो किसी भी परिस्थिति का सामना किया जा सकता है।

शिविर के सफल आयोजन में अध्यक्ष पंकज लोहिया, सचिव कैलाश शर्मा एवं कोषाध्यक्ष सुरेश रावत की सक्रिय भूमिका रही। कार्यक्रम में महिला सहभागिता प्रमुख मधु लड्ढा, कार्यक्रम प्रभारी सुनीता नराणीवाल, आशा दरगड़, यशोदा शर्मा सहित परिषद के अनेक सदस्य उपस्थित रहे।

समापन अवसर पर प्रशिक्षिका विनीता तापड़िया का शाल एवं ऊपरना ओढ़ाकर अभिनंदन किया गया। साथ ही विद्यालय निदेशक अनिल बांगड़, प्राचार्य वैभव बांगड़ एवं अवनीश बांगड़ का तिलक लगाकर स्वागत किया गया। अंत में सचिव कैलाश शर्मा ने सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त किया।

Tags

Next Story