भारत विकास परिषद मीरा शाखा की आम सभा संपन्न, नई कार्यकारिणी का निर्विरोध चयन

भीलवाड़ा। भारत विकास परिषद मीरा शाखा, भीलवाड़ा की आम सभा का आयोजन सोमवार, 16 मार्च को सुभाष नगर स्थित माहेश्वरी भवन में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां भारती एवं स्वामी विवेकानंद के चित्रों के समक्ष दीप प्रज्वलन व राष्ट्र गीत के साथ हुआ। सभा में सर्वसम्मति से आगामी सत्र 2026-27 के लिए नई कार्यकारिणी का निर्विरोध चयन किया गया।
लेखा-जोखा और प्रतिवेदन प्रस्तुत
सत्र की शुरुआत में शाखा वित्त सचिव विष्णु लड्ढा ने वर्ष 2025-26 का आय-व्यय का लेखा प्रस्तुत किया, जिसे उपस्थित सदस्यों ने ध्वनि मत से पारित किया। इसके पश्चात शाखा सचिव नीलकमल अजमेरा ने वर्ष भर किए गए सेवा और संस्कार के कार्यों का विस्तृत प्रतिवेदन सदन के सामने रखा।
नई टीम की घोषणा
चुनाव प्रभारी रिंकू सोमानी ने आगामी सत्र 2026-27 के लिए सर्वसम्मति से नई कार्यकारिणी के नामों की घोषणा की। इसमें स्नेहलता तोषनीवाल को अध्यक्ष, नीलकमल अजमेरा को पुनः सचिव, विष्णु लड्ढा को वित्त सचिव तथा शिल्पी झंवर को महिला सहभागिता प्रभारी नियुक्त किया गया।
वरिष्ठ पदाधिकारियों की गरिमामय उपस्थिति
इस अवसर पर नवनियुक्त प्रांतीय महिला सहभागिता प्रभारी शारदा चैचानी, जिला समन्वयक महावीर सोनी और शहर समन्वयक श्याम कुमावत विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम में पांच नवीन सदस्यों का भी स्वागत व अभिनंदन किया गया। शारदा चैचानी ने उपस्थित सदस्यों का मार्गदर्शन करते हुए परिषद के ध्येय को आगे बढ़ाने पर जोर दिया।
सेवा कार्यों को मिलेगी गति
नवनियुक्त अध्यक्ष और सचिव ने संगठन द्वारा जताए गए भरोसे पर आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जल्द ही कार्यकारिणी का विस्तार कर परिषद के सेवा और संस्कार के प्रकल्पों को नई गति प्रदान की जाएगी। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।
