भारतीय किसान संघ की प्रांतीय समीक्षा बैठक प्रतापगढ़ में, भीलवाड़ा से जुटेंगे कार्यकर्ता

लाडपुरा (शिव लाल जांगिड़) । भारतीय किसान संघ की महत्वपूर्ण प्रांतीय समीक्षा बैठक का आयोजन कृषि उपज मंडी, प्रतापगढ़ में होने जा रहा है। इस उच्च स्तरीय बैठक में भीलवाड़ा जिले के प्रांत, संभाग और जिला कार्यकारिणी के सदस्यों सहित सभी तहसीलों के अध्यक्ष, मंत्री, युवा प्रमुख, प्रचार प्रमुख एवं अन्य दायित्ववान कार्यकर्ता प्रमुखता से शिरकत करेंगे।

जिला प्रचार प्रमुख श्याम लाल सुथार ने बैठक के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि इस दौरान संघ की संगठनात्मक मजबूती, रचनात्मक कार्यों और आगामी आंदोलनात्मक रणनीतियों पर गहन विचार-विमर्श किया जाएगा। बैठक का एक मुख्य एजेंडा वर्ष 2029 में आने वाला 'स्वर्ण जयंती वर्ष' भी है, जिसके उपलक्ष्य में आयोजित होने वाले विशेष कार्यक्रमों की रूपरेखा अभी से तैयार की जाएगी।

जनजाति किसान सम्मेलन का भी होगा आयोजन

समीक्षा बैठक के साथ ही 10 अप्रैल (शुक्रवार) से 12 अप्रैल (रविवार) तक विशाल जनजाति किसान सम्मेलन का भी आयोजन किया जाएगा। इस तीन दिवसीय कार्यक्रम में संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी माननीय मोहिनी मोहन मिश्र का मार्गदर्शन और सानिध्य कार्यकर्ताओं को प्राप्त होगा। सम्मेलन में क्षेत्र के किसानों की समस्याओं और उनके समाधान पर भी चर्चा अपेक्षित है।

Next Story