भाविका का ऑस्ट्रेलिया से मास्टर डिग्री कर लौटने पर भव्य अभिनंदन

भाविका का ऑस्ट्रेलिया से मास्टर डिग्री कर लौटने पर भव्य अभिनंदन
X

भीलवाड़ा (मूलचन्द पेसवानी)। “होनहार बिरवान के होत चीकने पात” की कहावत को भीलवाड़ा की लाडली भाविका खोतानी ने चरितार्थ कर दिखाया है। ऑस्ट्रेलिया से बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन (बिजनेस एनालिटिक्स) में मास्टर डिग्री हासिल कर स्वदेश लौटी भाविका का आज सिंधी समाज द्वारा पलक-पावड़े बिछाकर जोरदार स्वागत किया गया।

सिंधु नगर स्थित झूलेलाल मंदिर में आयोजित समारोह में समाजजनों ने भाविका को सिर-आंखों पर बिठा लिया। इस दौरान उनका फूल-मालाओं, तिलक और दुपट्टा ओढ़ाकर भावभीना अभिनंदन किया गया। समाज के मीडिया प्रभारी मूलचंद बहरवानी ने बताया कि प्रतिष्ठित व्यवसायी हरीश खोतानी एवं दिवंगत निशा खोतानी की सुपुत्री भाविका ने न केवल विदेशी धरती पर उच्च शिक्षा प्राप्त की, बल्कि अपनी प्रतिभा के दम पर स्कॉलरशिप भी हासिल की।

उनकी इस उपलब्धि का गौरव तब और बढ़ गया जब गुजरात में आयोजित दीक्षांत समारोह में मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, भारत में ऑस्ट्रेलिया के उच्चायुक्त और मुख्य सचिव एम. के. दास जैसे गणमान्य अतिथियों ने उनकी सराहना की। भीलवाड़ा में आयोजित कार्यक्रम में गोविंद धाम के संत किशन दास ने भाविका को तिलक लगाकर और स्मृति चिह्न भेंट कर आशीर्वाद दिया। उन्होंने कहा कि ऐसी बेटियां ही समाज और देश का मान बढ़ाकर नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा पुंज बनती हैं।

समारोह में समाज के एक और प्रतिभावान युवा डॉ. लकी नारवानी का भी सम्मान किया गया। इस अवसर पर पूर्व पार्षद किशोर सोनी, वीरूमल पुरसानी, राजेश माखीजा, सुगनामल कलवानी, ओम गुलाबानी, गुलशन विधानी, महेश खोतानी, मनोहर लालवानी, सतीश शर्मा सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक और समाजजन उपस्थित थे।

Tags

Next Story