भाविप का सेवा महाकुंभ: 12 फरवरी से 2000 दिव्यांगों के जीवन में लौटेगी मुस्कान

भीलवाड़ा । वस्त्र नगरी और सेवा की धरा के रूप में विख्यात भीलवाड़ा शहर में आगामी 12 फरवरी से सेवा का एक बड़ा अध्याय जुड़ने जा रहा है। भारत विकास परिषद (स्वामी विवेकानंद शाखा) द्वारा सामाजिक सरोकार की मिसाल पेश करते हुए स्व. मनीष काबरा की द्वितीय पुण्यतिथि के उपलक्ष्य में '56वां विशाल निःशुल्क कृत्रिम अंग प्रत्यारोपण एवं दिव्यांग उपकरण वितरण शिविर' का आयोजन किया जा रहा है। काशीपुरी स्थित वकील कॉलोनी माहेश्वरी भवन में आयोजित होने वाले इस तीन दिवसीय शिविर में 2000 से अधिक दिव्यांगजनों को लाभान्वित करने का लक्ष्य रखा गया है, जिसके लिए वर्तमान में प्रदेश भर के ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में सर्वे और व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार जारी है।
शिविर की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि इसमें विश्व विख्यात 'जयपुर फुट' की निर्माता संस्था भगवान महावीर विकलांग सहायता समिति के विशेषज्ञ तकनीशियन मौके पर ही मौजूद रहेंगे। यह टीम शिविर स्थल पर ही वर्कशॉप में दिव्यांगों की नाप लेकर हाथों-हाथ कृत्रिम हाथ-पैर और कैलिपर्स तैयार करेगी, जिससे लाभार्थियों को बार-बार चक्कर लगाने की परेशानी से मुक्ति मिलेगी। 12 से 14 फरवरी तक चलने वाले इस महाकुंभ में ट्राई साइकिल, व्हीलचेयर, बैसाखियां, वॉकर, श्रवण यंत्र और दृष्टिबाधितों के लिए इलेक्ट्रॉनिक छड़ी जैसे आधुनिक उपकरण पूर्णतः निःशुल्क वितरित किए जाएंगे।
उल्लेखनीय है कि परिषद पिछले 28 वर्षों से अनवरत सेवा कार्यों में जुटी है और अब तक 55 शिविरों के माध्यम से करीब 4000 दिव्यांगों को संबल प्रदान कर चुकी है। इस बार का आयोजन श्री भगवान महावीर विकलांग सहायता समिति, राजस्थान सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग तथा काशीपुरी वकील कॉलोनी महेश समिति के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित हो रहा है। परिषद के अध्यक्ष गिरीश अग्रवाल, सचिव के.जी. सोनी और रजनीकांत आचार्य ने आमजन से अपील की है कि वे अपने आसपास के जरूरतमंदों को शिविर की जानकारी देकर इस पुनीत कार्य में सहभागी बनें। पंजीयन के लिए परिषद की ओर से हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए गए हैं।
