जिंगलबेल्स की गूंज और रोशनी में नहाया भीलवाड़ा, आज उल्लास से मनाया क्रिसमस

X

भीलवाड़ा। जिंगलबेल्स की मधुर धुन, रंग-बिरंगी रोशनी और खुशियों भरे संदेशों के बीच मसीही समाज का सबसे बड़ा पर्व क्रिसमस गुरुवार को भीलवाड़ा में पूरे हर्षोल्लास के साथ मनाया। प्रभु यीशु के आगमन की खुशी में शहर के सभी 11 प्रमुख चर्च पूरी तरह सजाए गये। बुधवार शाम होते ही चर्च परिसरों में दूधिया रोशनी और सितारों की सजावट आकर्षण का केंद्र बन गई, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे।

क्रिसमस की पूर्व संध्या पर बुधवार आधी रात से ही चर्चों में विशेष प्रार्थना सभाओं का आयोजन किया गया। रात के ठीक 12 बजते ही हैप्पी क्रिसमस की गूंज के साथ प्रभु यीशु के जन्म का उत्सव आरंभ हुआ। लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर शुभकामनाएं दीं और खुशी साझा की। शहर के प्रमुख गिरिजाघरों में मसीही समुदाय के लोग एकत्र होकर प्रभु यीशु के जन्म की खुशियां मनाते नजर आए।

इस अवसर पर विशेष मिडनाइट मास आयोजित की गई, जिसमें शांति, प्रेम और भाईचारे का संदेश दिया गया। शास्त्री नगर स्थित सीएनआई चर्च, कैथोलिक चर्च सहित अन्य प्रार्थना स्थलों पर श्रद्धालुओं की अच्छी खासी भीड़ देखी गई। बीती शाम से ही कैरोल सिंगिंग के माध्यम से प्रभु मसीह के आगमन का संदेश पूरे शहर में गूंजता रहा। पारंपरिक गीतों और प्रार्थनाओं के जरिए मसीही समाज ने आपसी सौहार्द और मानवता का संदेश दिया।

चर्च के फादर ने बताया कि क्रिसमस पर्व प्रेम, क्षमा और मानव सेवा की प्रेरणा देता है। पर्व को लेकर सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किए गए हैं, वहीं घरों में केक और विशेष पकवान बनाए गए हैं तथा बाजारों में क्रिसमस गिफ्ट्स की जमकर खरीदारी हुई, जिससे पूरे शहर में उत्सव का माहौल बना हुआ है।

Tags

Next Story