भीलवाड़ा में गौवंश के साथ क्रूरता पर उबाल, विहिप ने एसपी को सौंपा ज्ञापन: 72 घंटे का दिया अल्टीमेटम

भीलवाड़ा। शहर में पिछले कुछ दिनों से गौवंश के साथ हो रही अमानवीय और घृणित घटनाओं को लेकर हिंदू संगठनों में भारी रोष व्याप्त है। विश्व हिंदू परिषद (विहिप) और बजरंग दल ने मंगलवार को जिला पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर अपराधियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है। संगठनों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि 72 घंटों के भीतर आरोपियों को नहीं पकड़ा गया, तो उग्र आंदोलन छेड़ा जाएगा।
दो अलग-अलग घटनाओं ने बढ़ाई नाराजगी
विहिप द्वारा सौंपे गए ज्ञापन में शहर की दो प्रमुख घटनाओं का उल्लेख किया गया है:
पहली घटना: 7 मार्च 2026 की रात करीब 2:20 बजे धानमंडी क्षेत्र में एक गाय के साथ कुकृत्य किया गया। इस मामले की वीडियो क्लिप के साथ भीमगंज थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी, लेकिन अब तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई।
दूसरी घटना: 27 मार्च 2026 को शाम की सब्जी मंडी इलाके में पुनः इसी तरह की घृणित वारदात सामने आई। सीसीटीवी फुटेज के साथ सिटी कोतवाली में मामला दर्ज कराया गया, मगर पुलिस के हाथ अब भी खाली हैं।
प्रशासन को सीधी चेतावनी
विहिप के महानगर अध्यक्ष रामप्रकाश बहेड़िया और महानगर मंत्री ओम प्रकाश लड्ढा ने कहा कि शहर का माहौल खराब करने की नीयत से योजनाबद्ध तरीके से ऐसी घटनाओं को अंजाम दिया जा रहा है। बजरंग दल के संयोजक मुकेश प्रजापत ने बताया कि पुलिस की ढिलाई के कारण अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। ज्ञापन में मांग की गई है कि आगामी 3 दिनों में दोषियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए, अन्यथा होने वाले किसी भी जन-आंदोलन की समस्त जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
