भीलवाड़ा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: पारोली में गेहूं के खेत से 80 किलो अफीम के पौधे बरामद

भीलवाड़ा। जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह के निर्देशन में अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पारोली थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने सरा का खेड़ा क्षेत्र में एक गेहूं के खेत में अवैध रूप से उगाए गए अफीम के 5595 हरे पौधे जब्त किए हैं, जिनका कुल वजन 80 किलो 400 ग्राम पाया गया है।
मुखबिर की सूचना पर दबिश
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश आर्य व वृत्ताधिकारी कोटड़ी सुरेश कुमार के सुपरविजन में पारोली थानाधिकारी सियाराम (पुलिस निरीक्षक) के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया था। 20 मार्च 2026 को थानाधिकारी को मुखबिर से सूचना मिली कि सरा का खेड़ा की सरहद पर स्थित एक गेहूं के खेत में अवैध अफीम की खेती की जा रही है। सूचना की तस्दीक हेतु टीम ने जब खेत की घेराबंदी कर तलाशी ली, तो गेहूं की फसल के बीच अफीम के डोडे लगे हरे पौधे लहलहाते मिले।
एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज
पुलिस ने मौके से अफीम के छोटे-बड़े कुल 5595 पौधे उखाड़कर उनका वजन किया, जो 80 किलो 400 ग्राम निकला। पुलिस ने बरामद माल को जब्त कर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/18 के तहत प्रकरण संख्या 51/2026 दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कार्रवाई में शामिल विशेष टीम
इस सफल कार्रवाई में थानाधिकारी सियाराम के साथ हेड कांस्टेबल हरिराज, कांस्टेबल भागीरथ (विशेष योगदान), मनीष, सुनील, शिवराज, श्योपाल, शैतान सिंह, मनोज और राजेश कुमार शामिल रहे।
