501 निशानों के साथ “जय श्री श्याम” से गूंजायमान हुआ भीलवाड़ा ,सायंकाल ‘श्याम मनोहर’ भजन संध्या, दिन में होगा 56 भोग

भीलवाड़ा। फाल्गुन महोत्सव के पावन अवसर पर 27 फरवरी को 501 पावन निशानों के साथ निकली भव्य निशान यात्रा ने पूरे भीलवाड़ा शहर को “जय श्री श्याम” के जयघोष से गुंजायमान कर दिया। महिलाएं, बच्चे एवं बुजुर्ग सभी श्रद्धालुओं ने श्रद्धापूर्वक निशान धारण कर बाबा श्याम के प्रति अपनी अटूट आस्था व्यक्त की। पूरा वातावरण भक्ति, उल्लास और श्रद्धा से ओत-प्रोत दिखाई दिया।
निशान यात्रा का शुभारंभ लक्ष्मी नारायण मंदिर से विधिवत पूजा-अर्चना के साथ किया गया। संजय मानसिंघका, सुरेश जी पोद्दार, सुरेश महेश्वरी, कैलाश अग्रवाल, कमल सराओगी एवं मनोज माहेश्वरी द्वारा पूजा-अर्चना कर यात्रा को रवाना किया गया। यात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होती हुई भक्ति संगीत एवं जयकारों के बीच काशीपुरी धाम पहुंची। मार्ग में कई स्थानों पर पुष्प वर्षा कर श्रद्धालुओं का स्वागत किया गया।
समिति अध्यक्ष सुरेश पोद्दार ने कहा कि 501 निशानों के साथ निकली यह यात्रा श्याम भक्तों की अटूट श्रद्धा, समर्पण और सामाजिक एकता का अद्भुत उदाहरण है। फाल्गुन महोत्सव समाज को जोड़ने, संस्कारों को सशक्त करने और भक्ति भावना को प्रगाढ़ करने का पावन अवसर है। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं के उत्साह और अनुशासन की सराहना की।
मीडिया प्रभारी पंकज अग्रवाल ने बताया कि निशान अर्पण भक्त और भगवान के बीच विश्वास का सेतु है। महिलाओं, युवाओं और बच्चों की बढ़-चढ़कर भागीदारी यह दर्शाती है कि श्याम भक्ति की ज्योत हर घर में प्रज्वलित है। सभी कार्यक्रमों का सीधा प्रसारण सोशल मीडिया पर लाइव किया जा रहा है, जिससे दूर-दराज के श्रद्धालु भी इस दिव्य आयोजन से जुड़ रहे हैं।
दिन में बाबा श्याम को 56 भोग अर्पित किए जाएंगे, जिसके दर्शन हेतु श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।
सायंकाल काशीपुरी धाम में ‘श्याम मनोहर’ भव्य भजन संध्या का आयोजन होगा। इसमें चंडीगढ़ से पधार रहे भजन गायक मोनू दुआ एवं भोपाल से पंकज पांचाल अपने मधुर एवं भक्तिमय भजनों द्वारा बाबा श्याम को रिझाएंगे और श्रद्धालुओं को भक्ति रस में सराबोर करेंगे।
इस विशाल आयोजन को सफल बनाने में विपिन अग्रवाल, हितेश अग्रवाल, पुनीत गुप्ता, सुशील सुल्तानिया, संपत, पंकज शर्मा, टोनी, प्रिंस शर्मा, चिन्मय, आकाश जिंदल, अंकित कास्ट, विवेक गोयल, अभिषेक खंडेलवाल, अभिषेक बंसल, विजेंद्र शर्मा, अभिषेक जी असावा, कन्हैया राजोरा, चिराग, अक्षत अग्रवाल, कैलाश अग्रवाल सहित श्याम सेवा समिति काशीपुरी धाम के सभी कार्यकर्ताओं का विशेष सहयोग रहा।
समिति द्वारा व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित एवं भव्य रूप देने हेतु लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
जय श्री श्याम!
