भीलवाड़ा के आर्किटेक्ट सुथार ने रचा इतिहास, तीसरी बार जीता प्रतिष्ठित 'ड्रीम हाउस अवार्ड'

भीलवाड़ा के आर्किटेक्ट सुथार ने रचा इतिहास, तीसरी बार जीता प्रतिष्ठित ड्रीम हाउस अवार्ड
X

भीलवाड़ा/जयपुर। भीलवाड़ा जिले के नाम एक और बड़ी उपलब्धि जुड़ी है। प्रतिष्ठित 'ड्रीम हाउस अवार्ड 2025' के मंच पर भीलवाड़ा के प्रसिद्ध आर्किटेक्ट इंद्र कुमार सुथार को उनकी उत्कृष्ट भवन निर्माण कला और नवाचार के लिए सम्मानित किया गया है। यह गौरव हासिल करने वाले वे भीलवाड़ा के पहले आर्किटेक्ट बन गए हैं, जिन्हें लगातार तीसरी बार इस सम्मान से नवाजा गया है।

जयपुर में आयोजित हुआ भव्य समारोह

इंडियन कंक्रीट इंस्टीट्यूट (राजस्थान चैप्टर) और अल्ट्राटेक सीमेंट के संयुक्त तत्वाधान में शनिवार को जयपुर के होटल क्लार्क आमेर में 'कंक्रीट डे' का आयोजन किया गया। इसी कार्यक्रम के दौरान 'ड्रीम हाउस अवार्ड 2025' के लिए नामांकन और चयन प्रक्रिया संपन्न हुई।

चयन प्रक्रिया और जूरी का निर्णय

अवार्ड के लिए राजस्थान भर से आर्किटेक्ट्स और इंजीनियर्स ने अपने विशेष प्रोजेक्ट्स पेश किए थे। पांच सदस्यीय उच्च स्तरीय जूरी पैनल के सामने सभी प्रोजेक्ट्स का प्रदर्शन किया गया।

चयन का आधार: भवन निर्माण में आधुनिक कला शैली, मजबूती और तकनीकी उत्कृष्टता को आधार बनाया गया।

विजेता: भीलवाड़ा जिले में उत्कृष्ट भवन निर्माण शैली और तकनीकी नवाचार के लिए इन्द्र कुमार सुथार को 'बेस्ट आर्किटेक्ट' घोषित किया गया।

भीलवाड़ा के लिए गौरव का क्षण

इन्द्र कुमार सुथार की इस उपलब्धि पर भीलवाड़ा के तकनीकी और निर्माण जगत में खुशी की लहर है। यह सम्मान न केवल उनकी व्यक्तिगत मेहनत का परिणाम है, बल्कि भीलवाड़ा की वास्तुकला को राज्य स्तर पर एक नई पहचान दिलाने वाला कदम भी है।

Next Story