भीलवाड़ा की बेटी डॉ. प्रशंसा सोलंकी का एम्स दिल्ली में चयन, जिले का नाम किया रोशन

भीलवाड़ा। तिलक नगर निवासी एवं दिल्ली यूनिवर्सिटी के प्रोफेसर डॉ. जगदीश चंद्र खटीक की सुपुत्री डॉ. प्रशंसा सोलंकी ने देश के सर्वोच्च चिकित्सा संस्थान अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स), नई दिल्ली में चयनित होकर भीलवाड़ा जिले का मान बढ़ाया है। डॉ. प्रशंसा का चयन ऑल इंडिया मेरिट के आधार पर इमरजेंसी मेडिसिन विभाग में जूनियर रेजिडेंट के पद पर हुआ है।
खेल और शिक्षा में अव्वल इतिहास संकलन समिति, भीलवाड़ा के जिला अध्यक्ष रामनारायण कच्छवा ने बताया कि डॉ. प्रशंसा सोलंकी न केवल शिक्षा के क्षेत्र में, बल्कि खेल जगत में भी उत्कृष्ट रही हैं। वे लॉन टेनिस की राष्ट्रीय स्तर की खिलाड़ी हैं। एमबीबीएस की पढ़ाई के दौरान उन्होंने एसएमएस मेडिकल कॉलेज जयपुर में आयोजित इंटर कॉलेज लॉन टेनिस प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक प्राप्त किया था।
इतिहास संकलन समिति के जिला सचिव डॉ. अनंत दाधीच, प्रोफेसर एमएलवी कॉलेज ने बताया कि डॉ. प्रशंसा की इस उपलब्धि पर समिति के पदाधिकारियों एवं शहर के गणमान्य नागरिकों ने हर्ष व्यक्त किया है।
समिति के उपाध्यक्ष जगदीश धाकड़ ने इस सफलता को नए विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक बताया। समाज के प्रबुद्धजनों ने डॉ. प्रशंसा सोलंकी एवं उनके परिवार को राष्ट्रीय स्तर पर जिले का नाम रोशन करने पर बधाई दी है। साथ ही आगामी प्रतिभा सम्मान समारोह में उन्हें सम्मानित करने का निर्णय लिया गया है।
