बजट 2026 27 में भीलवाड़ा के विकास को मिलेगी नई रफ्तार, विधायक कोठारी के प्रयासों से ऐतिहासिक सौगातें

बजट 2026 27 में भीलवाड़ा के विकास को मिलेगी नई रफ्तार, विधायक कोठारी के प्रयासों से ऐतिहासिक सौगातें
X


भीलवाड़ा। राजस्थान बजट 2026-27 में वस्त्रनगरी भीलवाड़ा को विकास की कई महत्वपूर्ण सौगातें मिली हैं। इन योजनाओं के पीछे भीलवाड़ा विधायक अशोक कुमार कोठारी के सतत प्रयास, अनुशंसा और सरकार स्तर पर लगातार फॉलोअप की अहम भूमिका रही है। यही कारण है कि विधायक द्वारा सरकार से की गई बजट मांगों को अमली जामा पहनाया है और भीलवाड़ा के लिए यह बजट एतिहासिक सौगातों वाला रहा है, जहाँ भीलवाड़ा के नागरिकों की यातायात की समस्या के निदान हेतु बहुप्रतीक्षित मांग एलिवेटिड रोड निर्माण को मंजूरी दी गई है। उक्त रोड के लिए 250 करोड की स्वीकृति प्रदान की है और यह रोड गायत्री आश्रम से रामधाम तक बनेगी जिससे शहर की यातायात व्यवस्था में क्रांतिकारी सुधार होगा और आमजन को जाम की समस्या से राहत मिलेगी।

इसी के साथ 27 करोड़ की लागत से कोठारी नदी किनारे रिवर फ्रंट विकास कार्य को भी बजट में शामिल किया गया है। इस परियोजना से भीलवाड़ा शहर से गुजरने वाली कोठारी नदी की सुंदरता बढ़ेगी, पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा और भीलवाड़ा को एक नया पर्यटन एवं आकर्षण स्थल प्राप्त होगा।

लंबे समय से प्रतीक्षित मांग साबुन मार्ग के पास रेलवे अंडरब्रिज निर्माण को भी बजट में 10 करोड की स्वीकृति मिली है। इससे क्षेत्रवासियों को रेलवे फाटक के कारण होने वाली परेशानी से मुक्ति मिलेगी और आवागमन सुगम होगा।

इसके अतिरिक्त शहर के ऐतिहासिक और प्रमुख स्थल गांधी सागर तालाब के सौंदर्यीकरण का कार्य भी बजट में शामिल किया गया है, जिससे शहरवासियों हेतु विभिन्न सुविधाओं से युक्त पार्क एवं गांधीसागर का विकास होगा।

शहर में यातायात व पार्किंग समस्या के स्थायी समाधान के लिए पीपीपी मोड पर स्मार्ट पार्किंग निर्माण को भी बजट में शामिल किया गया है। इससे शहर के प्रमुख बाजारों में वाहनों की पार्किंग समस्या का समाधान होगा और यातायात व्यवस्था अधिक सुव्यवस्थित बनेगी।

जल संसाधन क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण स्वीकृति देते हुए मातृकुंडिया बांध के रिसाव रोकने एवं जल विकास प्रणाली के सुदृढ़ीकरण व नवीनीकरण के लिए 18.89 करोड़ रुपये का प्रावधान बजट में किया गया है। इस कार्य से क्षेत्र की पेयजल एवं सिंचाई व्यवस्था मजबूत होगी और भविष्य में जल संकट की स्थिति से राहत मिलेगी।

चिकित्सा क्षेत्र में भी बड़ी सौगात देते हुए महात्मा गांधी चिकित्सालय में चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार एवं आधुनिक उपकरणों की खरीद के लिए 20 करोड़ रुपये का प्रस्ताव बजट में शामिल किया गया है।

दिल्ली मुम्बई कॉरिडोर के मध्य होने से व औद्योगिक क्षेत्र भीलवाड़ा में ट्रांस्पोर्ट व्यवसाय की असीम सम्भावना व विकास के मद्देनजर भीलवाड़ा के लिए लॉजिस्टिक पार्क की घोषणा की गई है, जिसका उद्देश्य भीलवाड़ा के औद्योगिक विकास और माल के सुगम आवागमन को तेजी देना है।

शिक्षा क्षेत्र में पॉलिटेक्निक महाविद्यालयों में आगामी दो वर्षों में चरणबद्ध रूप से आईसीटी लैब की स्थापना का प्रावधान किया गया है।

सामाजिक सरोकार के तहत बेसहारा, असुरक्षित व गरीब बच्चों के लिए चिल्ड्रन होम हेतु भवन उपलब्ध कराए जाने का प्रावधान भी बजट में किया गया है।

शहर की स्वच्छता एवं आधारभूत ढांचे को सुदृढ़ करने की दिशा में भीलवाड़ा नगरीय निकाय क्षेत्र में शेष सीवरेज कार्यों के लिए डीपीआर को गति प्रदान करने के लिए 3 करोड की घोषणा एवं 50 मीट्रिक टन प्रतिदिन क्षमता के कंस्ट्रक्शन एंड डेमोलिशन वेस्ट प्लांट की स्थापना को भी बजट में शामिल किया गया है, जिससे कचरे का वैज्ञानिक निस्तारण संभव हो सकेगा।

पर्यावरण संरक्षण के तहत औद्योगिक क्षेत्रों में जल एवं वायु प्रदूषण की निगरानी हेतु आईओटी आधारित सिस्टम विकसित किए जाएंगे, जिससे बेहतर ढंग से निगरानी रखी जाएगी।

साथ ही विधायक अशोक कुमार कोठारी द्वारा प्रदेश में चारागाह विकास एवं निराश्रित गौवंशों की समस्याओं के निदान हेतु सरकार को 5 हजार करोड़ के प्रस्ताव दिये जिनको स्वीकार करते हुए प्रदेश भर में यह प्रावधान बजट में शामिल किया गया है, ताकि निराश्रित गौवंश की समस्या का समाधान हो सके।

विधायक अशोक कुमार कोठारी ने बताया कि उनके द्वारा भेजे गए अनेक विकास प्रस्तावों को बजट में स्वीकृति मिलना भीलवाड़ा के लिए गर्व का विषय है।

इन योजनाओं के क्रियान्वयन से भीलवाड़ा में आधारभूत ढांचे का विस्तार होगा, रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।

Next Story