महात्मा गांधी अस्पताल होगा हाईटेक, व्हाट्सएप पर मिलेंगी लैब रिपोर्ट

महात्मा गांधी अस्पताल होगा हाईटेक, व्हाट्सएप पर मिलेंगी लैब रिपोर्ट
X

भीलवाड़ा। महात्मा गांधी अस्पताल की चिकित्सा व्यवस्थाएं अब और अधिक आधुनिक और मरीज-हितैषी होने जा रही हैं। राजमेस एवं चिकित्सा शिक्षा निदेशक नरेश गोयल ने अस्पताल का विस्तृत दौरा कर डिजिटल हेल्थ को बढ़ावा देने के निर्देश दिए।

कलर कोडेड रिपोर्ट और डिजिटल नवाचार

निदेशक गोयल ने घोषणा की कि अब मरीजों को लैब रिपोर्ट के लिए अस्पताल के चक्कर नहीं काटने होंगे। रिपोर्ट सीधे उनके व्हाट्सएप पर कलर फॉर्मेट में उपलब्ध कराई जाएगी। कलर कोडेड रिपोर्ट और ग्राफ के जरिए आम मरीज भी अपनी बीमारी की स्थिति को आसानी से समझ सकेंगे।

मल्टीस्पेशलिटी विंग का जल्द खुलेगा ताला

अस्पताल परिसर में नवनिर्मित मल्टीस्पेशलिटी विंग को लेकर भी बड़ी राहत दी गई है। गोयल ने स्पष्ट किया कि स्टाफ और आवश्यक संसाधनों की कमी को जल्द दूर कर इस विंग को शुरू किया जाएगा, जिससे जिलेवासियों को एक ही छत के नीचे सुपरस्पेशलिटी उपचार मिल सकेगा। उन्होंने 'मां योजना' के लंबित क्लेम निस्तारण और पारदर्शी मॉनिटरिंग के लिए नए मोबाइल ऐप पर भी चर्चा की।

नर्सिंग कर्मियों को राहत, पद कटौती पर पुनर्विचार

दौरे के दौरान राजस्थान नर्सिंग यूनियन और आरएमसीटीए ने अपनी समस्याओं का अंबार निदेशक के सामने रखा। विलोपित पदों को लेकर व्याप्त रोष पर गोयल ने आश्वासन दिया कि अगले दो माह तक इन आदेशों पर पुनर्विचार होगा और फिलहाल किसी भी नर्सिंग कर्मचारी को कार्यमुक्त (रिलीव) नहीं किया जाएगा। साथ ही, वेतन के लिए बजट की कमी नहीं आने देने का भरोसा दिलाया।

मौके पर ही समस्याओं का समाधान

आरएमसीटीए की मांग पर निदेशक ने तत्काल सचिव (कोष एवं लेखा) से फोन पर वार्ता कर आरजे आईडी बनाम आरएसएबी आईडी के जटिल मुद्दे को सुलझाने के निर्देश दिए। अधीक्षक डॉ. अरुण गौड़ ने भी नर्सेज की सेवाओं को सराहनीय बताते हुए मानवीय दृष्टिकोण अपनाने की बात कही। निरीक्षण के दौरान मेडिकल कॉलेज प्राचार्य डॉ. वर्षा अशोक सिंह सहित कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Tags

Next Story