भीलवाड़ा का महा-उदय : 60 हजार से 50 लाख स्प्रिंडल तक का सफर, देश का सबसे बड़ा टेक्सटाइल हब बनने की तैयारी - मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास

भीलवाड़ा । राजस्थान के मुख्य सचिव श्री वी. श्रीनिवास ने शुक्रवार को भीलवाड़ा के एक दिवसीय दौरे के दौरान जिले की औद्योगिक प्रगति की जमकर सराहना की। उन्होंने "कॉटन कस्तूरी" विषय पर आयोजित उद्यमियों एवं निवेशकों के संवाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि भीलवाड़ा ने वस्त्र उद्योग में अभूतपूर्व विकास किया है। उन्होंने बताया कि कभी 60 हजार स्प्रिंडल से शुरू हुआ यह सफर आज 15 लाख तक पहुंच गया है और भविष्य में इसे 50 लाख स्प्रिंडल तक ले जाने का लक्ष्य है।
रूपाहेली टेक्सटाइल पार्क और नई पॉलिसी से खुलेगा प्रगति का मार्ग
मुख्य सचिव ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की मंशा के अनुरूप राज्य सरकार उद्योगों को पूर्ण सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने घोषणा की कि रूपाहेली टेक्सटाइल पार्क के विकास से जिले की औद्योगिक गतिविधियों को नई ऊर्जा मिलेगी। साथ ही, हाल ही में लागू की गई नई टेक्सटाइल पॉलिसी उद्यमियों के लिए मील का पत्थर साबित होगी। उन्होंने क्षेत्र में 30 हजार हेक्टेयर में हो रहे कपास उत्पादन पर हर्ष जताते हुए "कस्तूरी कॉटन" पर एक ग्लोबल कॉन्फ्रेंस आयोजित करने का सुझाव भी दिया।
नितिन स्पिनर्स का निरीक्षण और आधुनिक तकनीक की सराहना
दौरे के दौरान मुख्य सचिव ने नितिन स्पिनर्स लिमिटेड की उत्पादन इकाइयों का गहन अवलोकन किया। उन्होंने कच्चे माल से तैयार उत्पाद तक की स्वचालित प्रक्रियाओं और गुणवत्ता नियंत्रण तंत्र की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक से न केवल उत्पादन बढ़ा है, बल्कि गुणवत्ता में भी सुधार हुआ है। उन्होंने जोर दिया कि ऐसी इकाइयां "मेक इन इंडिया" और "आत्मनिर्भर भारत" अभियान को मजबूती प्रदान कर रही हैं।
श्रमिक कल्याण और पर्यावरण संरक्षण पर जोर
मुख्य सचिव ने जिला प्रशासन और उद्योग विभाग को निर्देशित किया कि सभी इकाइयां नवाचार और उत्पादन वृद्धि के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण के मानकों का पालन करें। उन्होंने विशेष रूप से श्रमिकों के हितों, उनकी सुरक्षा और कल्याण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कार्यक्रम में विधायक अशोक कोठारी ने औद्योगिक विकास हेतु सरकार के निर्णयों का आभार जताया, वहीं जिला कलेक्टर जसमीत सिंह संधू ने सरकारी नीतियों के प्रभावी क्रियान्वयन का भरोसा दिलाया।
ये रहे उपस्थित:
कार्यक्रम में विधायक अशोक कोठारी, अतिरिक्त आयुक्त (उद्योग) पीएन शर्मा, जिला कलेक्टर जसमीत सिंह संधू, पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह यादव, नितिन स्पिनर्स के एमडी दिनेश नौलखा व नितिन नौलखा सहित प्रशासनिक अधिकारी एवं प्रगतिशील कृषक मौजूद रहे।
