निंबाहेड़ा में दिनदहाड़े बड़ी चोरी, सोने चांदी के जेवरात पार – ग्रामीणों में दहशत

निंबाहेड़ा में दिनदहाड़े बड़ी चोरी, सोने चांदी के जेवरात पार – ग्रामीणों में दहशत
X

भीलवाड़ा। जिले के शाहपुरा थाना क्षेत्र के निंबाहेड़ा गांव में रविवार को दिनदहाड़े चोरी की वारदात सामने आई है। बेखौफ चोरों ने किसान के सूने मकान को निशाना बनाते हुए सोने-चांदी के आभूषणों पर हाथ साफ कर दिया। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है।

सूने मकान की रेकी कर वारदात को दिया अंजाम

मिली जानकारी के अनुसार, निंबाहेड़ा गांव में भंवर लाल कुमावत के घर को चोरों ने सुनियोजित तरीके से निशाना बनाया। बताया जा रहा है कि परिवार के सदस्य फसल की पिलाई करने के लिए खेत पर गए हुए थे। इसी दौरान सुबह11:00 से दोपहर 2:30 बजे के बीच चोरों ने पहले घर की रेकी की और फिर ताले चटकाकर अंदर घुस गए।

अंदर घुसते ही चोरों ने अलमारी को खंगाल डाला और वहां रखे सोने-चांदी के कीमती जेवरात लेकर फरार हो गए। चोरी गए गहनों में चांदी की कड़ियां, सोने का मांदलिया और रामनामी शामिल है।

सूचना मिलते ही पुलिस पहुंची मौके पर

घटना की सूचना मिलते ही सहायक उप निरीक्षक मुकेश कुमार पुलिस जाब्ता के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पीड़ित गृहस्वामी की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि चोरों तक पहुंचा जा सके।

ग्रामीणों की उमड़ी भारी भीड़, गश्त बढ़ाने की मांग

दिनदहाड़े हुई इस वारदात की खबर गांव में आग की तरह फैल गई। देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताते हुए क्षेत्र में नियमित गश्त बढ़ाने और आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है।

Next Story