दिल्ली में युवक की हत्या के विरोध में बिजौलिया खटीक समाज का प्रदर्शन, एसडीएम को सौंपा ज्ञापन

बिजौलिया। दिल्ली के उत्तम नगर में होली के अवसर पर युवक तरुण की कथित मॉब लिंचिंग की घटना के विरोध में आज बिजौलिया में खटीक समाज ने आक्रोश जताते हुए प्रदर्शन किया। समाज के लोगों ने एक रैली निकाली और उपखंड अधिकारी (एसडीएम) कार्यालय पहुंचकर राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, गृहमंत्री और दिल्ली के मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में बताया गया कि उत्तम नगर थाना क्षेत्र में तरुण की निर्मम हत्या से देशभर के खटीक समाज में गहरा आक्रोश है। समाजजनों का कहना है कि यह घटना मानवता को शर्मसार करने वाली है और इससे कमजोर व वंचित वर्ग में असुरक्षा की भावना बढ़ी है।
प्रदर्शनकारियों ने सरकार से मांग की है कि इस जघन्य हत्याकांड के सभी आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार कर मामला फास्ट ट्रैक कोर्ट में चलाया जाए और दोषियों को फांसी की सजा दी जाए। इसके साथ ही, पीड़ित परिवार को तत्काल 1 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की भी प्रमुखता से मांग की गई है।
