बिजौलिया नगर पालिका को मिली मोक्ष वाहन की स्वीकृति, आमजन को मिलेगी बड़ी राहत

बिजौलिया । कस्बे में लंबे समय से महसूस की जा रही शव परिवहन की समस्या के समाधान की दिशा में एक बड़ी और महत्वपूर्ण पहल हुई है। राजस्थान सरकार के स्वायत्त शासन विभाग ने नगर पालिका बिजौलिया को एक नया मोक्ष (शव) वाहन खरीदने की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान कर दी है।
निजी साधनों पर निर्भरता होगी खत्म
अधिशाषी अधिकारी (ईओ) पंकज मंगल ने जानकारी देते हुए बताया कि पालिका क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में अंत्येष्टि के लिए अक्सर शव परिवहन की आवश्यकता महसूस की जाती थी। वर्तमान में नगर पालिका के पास स्वयं का मोक्ष वाहन उपलब्ध नहीं होने के कारण आमजन को निजी वाहनों पर निर्भर रहना पड़ता था। इससे विशेष रूप से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। कई बार समय पर वाहन नहीं मिलने से परिजनों को मानसिक और सामाजिक पीड़ा भी झेलनी पड़ती थी।
नगर पालिका अपनी आय से खरीदेगी वाहन
आमजन की इसी समस्या और जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए नगर पालिका द्वारा प्रस्ताव बनाकर भेजा गया था। इस पर त्वरित कार्रवाई करते हुए स्वायत्त शासन विभाग ने 18 मार्च को स्वीकृति का आदेश जारी कर दिया। आदेशानुसार, यह वाहन नगर पालिका अपनी निजी आय के स्रोतों से खरीदेगी।
ईओ ने की भामाशाहों से अपील
ईओ पंकज मंगल ने क्षेत्र के भामाशाहों और समाजसेवियों से भी इस पुण्य कार्य में सहयोग की अपील की है। उन्होंने कहा कि यदि समाज का सहयोग मिलता है तो शीघ्र ही उच्च गुणवत्ता का मोक्ष वाहन क्रय कर आमजन को समर्पित किया जा सकेगा। इस सुविधा के शुरू होने से निकाय क्षेत्र के नागरिकों को सम्मानजनक और सुलभ शव परिवहन सेवा उपलब्ध हो सकेगी।
