बिजौलिया नगरपालिका की अनूठी पहल: शादी-ब्याह में अब प्लास्टिक नहीं, स्टील के बर्तनों का होगा उपयोग

भीलवाड़ा। बिजौलिया में प्लास्टिक मुक्त अभियान को नई गति देते हुए नगरपालिका ने एक सराहनीय और व्यावहारिक कदम उठाया है। अब कस्बे में होने वाले शादी-ब्याह और अन्य सामाजिक भोज आयोजनों में एक बार उपयोग होने वाली (सिंगल यूज) प्लास्टिक थालियों, कटोरियों और गिलासों का कचरा नजर नहीं आएगा। इनके स्थान पर नगरपालिका अब स्टील के 1500 थाली सेट उपलब्ध कराएगी।
नगरपालिका के अधिशासी अधिकारी पंकज कुमार मंगल ने बताया कि मुख्यमंत्री सद्भावना केन्द्र के माध्यम से यह विशेष पहल की जा रही है।
इस सुविधा की मुख्य बातें:
कंप्लीट सेट: प्रत्येक सेट में एक थाली, चार कटोरियां, दो चम्मच और दो गिलास शामिल हैं।
निःशुल्क सेवा: यह सुविधा आमजन के लिए पूरी तरह निःशुल्क रहेगी।
सख्त नियम: आयोजनों में प्लास्टिक के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
नगरपालिका प्रशासन का मानना है कि केवल सख्ती से बदलाव नहीं आता, बल्कि सुविधाजनक विकल्प देने से ही अभियान सफल होते हैं। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन के इस निर्णय का खुले दिल से स्वागत किया है, जिससे पर्यावरण संरक्षण को बड़ा संबल मिलेगा।
