भाजपा प्रशिक्षण महाअभियान बना ऐतिहासिक, 39 शिविरों के 273 सत्रों में 131 वक्ताओं ने भरी ऊर्जा

भीलवाड़ा। भाजपा प्रदेश नेतृत्व के निर्देशानुसार जिलाध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा के नेतृत्व में जिले भर में आयोजित पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान ऐतिहासिक रूप से सम्पन्न हुआ। 13 मार्च से 25 मार्च तक जिले के 39 मंडलों में प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए गए।
जिला प्रवक्ता अंकुर बोरदिया ने बताया कि इन शिविरों का मुख्य उद्देश्य कार्यकर्ताओं में पार्टी की वैचारिक प्रतिबद्धता को सुदृढ़ करना, कार्य पद्धति में सिद्धांत आधारित आचरण विकसित करना, पार्टी के इतिहास और विकास की जानकारी देना, सक्षम कार्यकर्ताओं का निर्माण करना, सोशल मीडिया और तकनीक का प्रशिक्षण देने के साथ ही राष्ट्रीय चुनौतियों और नैरेटिव के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।
प्रशिक्षण की कहानी आकंड़ों की जुबानी
39 मंडलों में आयोजित 24 घंटों के रात्रि विश्राम वाले प्रशिक्षण शिविरों के व्यवस्थित संचालन के लिए जिला महामंत्री अविनाश जीनगर के संयोजन में 4 सदस्यीय जिला स्तरीय संचालन समिति के साथ ही सातों विधानसभा में एक एक प्रभारी एवं 39 शिविरों के लिए 39 वर्ग प्रमुख लगाए गए थे। प्रत्येक शिविर में 7 सत्रों में प्रशिक्षण प्रदान किया गया। इस प्रकार कुल 273 सत्रों में प्रशिक्षण के लिए जिला संगठन द्वारा 131 वक्ताओं को तैनात किया गया। खास बात यह रही कि प्रत्येक वर्ग, जाति व समुदाय के पदाधिकारी को इसमें मौका दिया गया।
प्रदेश से लेकर मंडल स्तर तक के वक्ताओं ने दिया प्रशिक्षण
भाजपा के प्रशिक्षण शिविरों में उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा, हरियाणा प्रदेश प्रभारी सतीश पूनिया, भाजपा प्रदेश मंत्री नारायण मीणा सहित जिलाध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा, सांसद दामोदर अग्रवाल, विधायक उदयलाल भडाना, गोपीचंद मीणा, लालाराम बैरवा, लादूलाल पीतलिया, जब्बर सिंह सांखला, गोपाल खंडेलवाल, पूर्व सांसद सुभाष बहेडिया, पूर्व मंत्री कालूलाल गुर्जर, पूर्व विधायक विट्ठलशंकर अवस्थी, बद्रीप्रसाद गुरुजी, पूर्व महापौर राकेश पाठक सहित जिले व मंडल स्तर तक के वक्ताओं ने प्रशिक्षण प्रदान किया।
पहली बार सरल एप के द्वारा रजिस्ट्रेशन एवं ऑनलाइन उपस्थिति
इन शिविरों में भाग लेने वाले सहभागियों का रजिस्ट्रेशन पार्टी की सरल एप पर किया गया तो वहीं सहभागी की उपस्थिति भी जीपीएस लोकेशन को ट्रैक कर सरल एप पर ही दर्ज की गई। शिविर के अंत में ऑनलाइन क्विज को उत्तीर्ण करने पर प्रमाणपत्र भी प्रदान किया गया। सम्पूर्ण प्रक्रिया की सीधे केंद्र द्वारा मॉनिटरिंग की गई।
प्रातःकालीन प्रार्थना और योगा के साथ रात्रि में मूवी और भजन संध्या ने बढ़ाई रोचकता
24 घंटे के आवासीय प्रशिक्षण शिविर में प्रातःकालीन प्रार्थना और योगा के साथ ही रात्रि में संघ के 100 वर्षों पर आधारित मूवी 'शतक' और 'केरला स्टोरी' जैसी मूवी का प्रदर्शन, भजन संध्या ने शिविरों में रोचकता बढ़ाई। तो वहीं टिफिन बैठक और सामूहिक भोजन ने कार्यकर्ताओं में सामाजिक समरसता को मजबूत किया।
सादगी और अनुशासन से पूर्ण रहे प्रशिक्षण शिविर
सभी शिविर सादगी एवं अनुशासन से पूर्ण रहे। उदघाटन एवं समापन सत्र को छोड़कर अन्य सभी सत्रों में मंच पर मात्र दो व्यक्तियों (मुख्य वक्ता एवं मुख्य अतिथि) को ही स्थान दिया गया है। इनके अलावा यदि जिलाध्यक्ष, वरिष्ठ नेता या अन्य कोई जनप्रतिनिधि भी यदि वहां मौजूद रहा तो उन्होंने सहभागियों के साथ ही बैठकर प्रशिक्षण प्राप्त किया।
