रिको एरिया की फैक्ट्रियों का काला पानी बना आटूण के किसानों के लिए मुसीबत
आटूण। आटूण से बोरड़ा-काणोली मार्ग पर बने बाहले (नाले) में रिको एरिया स्थित फैक्ट्रियों का काला पानी छोड़ा जा रहा है, जिससे बाहले के आसपास की जमीन और कुओं का पानी प्रदूषित हो गया है। इस दूषित पानी से सिंचाई करने पर फसलें खराब हो रही हैं। स्थिति यह है कि कुओं का पानी इतना दूषित हो गया है कि खेतों में काम करने वाले किसानों को पीने का पानी अपने घर से लाना पड़ता है।
आटूण निवासी किसान दिनेश गाडरी ने बताया कि रिको एरिया की फैक्ट्रियों से इन दिनों बड़ी मात्रा में दूषित पानी छोड़ा जा रहा है, जिसके कारण फसलें नष्ट हो रही हैं। उन्होंने कहा कि कई बार मीडिया के माध्यम से इस समस्या को उजागर किया गया, लेकिन प्रदूषण नियंत्रण मंडल द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है, जिससे किसानों में आक्रोश व्याप्त है।
गाडरी ने यह भी बताया कि इस दूषित पानी के कारण कई बेसहारा और पालतू पशु बीमारियों की चपेट में आ गए हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समस्या का समाधान जल्द नहीं किया गया तो वे सड़क जाम आंदोलन करेंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
