भगवान झूलेलाल जन्मोत्सव पर 15 मार्च को रक्तदान शिविर,समाजजनों से बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील

भीलवाड़ा। मूलचन्द पेसवानी सिन्धी समाज के आराध्य देव भगवान श्री झूलेलाल साहिब के जन्मोत्सव चेटीचंड के उपलक्ष में 15 मार्च रविवार को भीलवाड़ा में विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा। यह शिविर सिन्धुपति युवा सेवा संस्कार समिति (रजि.) व सिन्धुपति महिला मण्डल के तत्वावधान में सकल सिन्धी समाज भीलवाड़ा के सहयोग से आयोजित होगा।
समिति के अध्यक्ष दीपू सभनाणी ने जानकारी देते हुए बताया कि संस्था द्वारा आयोजित किया जा रहा यह 26वां रक्तदान शिविर है। समाज सेवा की भावना को आगे बढ़ाते हुए यह शिविर संत कंवर राम धर्मशाला, सिंधु नगर में 15 मार्च रविवार को आयोजित किया जाएगा। शिविर का उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त उपलब्ध कराना और समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
सभनाणी ने बताया कि भगवान झूलेलाल के जन्मोत्सव के पावन अवसर पर आयोजित इस शिविर में समाज के युवाओं, महिलाओं और सभी समाजजनों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर रक्तदान करने की अपील की गई है, ताकि जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध हो सके और मानव सेवा का यह पुनीत कार्य सफल हो सके।
इस आयोजन में शहर के विभिन्न धार्मिक व सामाजिक संस्थानों का विशेष आशीर्वाद एवं सहयोग रहेगा। इनमें पूज्य दादा साहिब झूलेलाल मंदिर, हरिशेवा धाम, प्रेम प्रकाश (सांई टेऊराम साहिब) आश्रम, श्री गोविंद धाम दरबार तथा मां इच्छपूर्णी दुर्गा माता मंदिर का विशेष आशीर्वाद शामिल रहेगा।
इसके अलावा सिन्धी सेंट्रल पंचायत, श्री झूलेलाल मित्र मंडल, अमर शहीद हेमू कालाणी शिक्षण संस्थान, शहर के सिंधी समाज के व्यापारिकगण तथा सकल सिन्धी समाज भीलवाड़ा की विभिन्न संस्थाओं का भी आयोजन में विशेष सहयोग रहेगा।
समिति पदाधिकारियों ने बताया कि रक्तदान शिविर को लेकर समाज में उत्साह का माहौल है। बड़ी संख्या में युवा रक्तदाता शिविर में भाग लेने के लिए आगे आ रहे हैं। आयोजन समिति ने विश्वास जताया कि समाज के सहयोग से यह शिविर भी पूर्व की भांति सफल रहेगा और जरूरतमंदों के लिए जीवनदायी साबित होगा।
समाजजनों से अपील की गई है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर रक्तदान करें और मानवता की सेवा के इस महायज्ञ में अपनी सहभागिता निभाएं।
