भीलवाड़ा में कॉमर्शियल गैस सप्लाई पर 'ब्रेक': मिडिल ईस्ट जंग का असर, अब सिर्फ घरेलू रसोई पर फोकस

भीलवाड़ा । इजरायल-अमेरिका और ईरान के बीच छिड़ी जंग की तपिश अब राजस्थान के व्यापारिक गलियारों तक पहुंच गई है। वैश्विक तनाव के कारण तेल और गैस की आपूर्ति बाधित होने की आशंका के बीच तेल कंपनियों ने बड़ा फैसला लिया है। राजस्थान समेत भीलवाड़ा में भी कॉमर्शियल गैस सिलेंडरों (19 किलो) की डिलीवरी पर अघोषित रोक लगा दी गई है। कंपनियों ने गैस एजेंसियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि फिलहाल पूरा ध्यान केवल घरेलू रसोई गैस (14.2 किलो) की सप्लाई पर रखा जाए।
देर रात आए आदेशों से मचा हड़कंप
तेल कंपनियों ने रविवार देर रात गैस डीलरों को संदेश भेजकर कॉमर्शियल सिलेंडर के नए ऑर्डर लेने पर रोक लगा दी है। कंपनियों का कहना है कि स्टॉक की कमी और अंतरराष्ट्रीय बाजार में मची हलचल के कारण सप्लाई चेन को सुरक्षित रखना जरूरी है। हालांकि, आधिकारिक तौर पर कंपनियों ने अभी तक कोई सार्वजनिक बयान जारी नहीं किया है, लेकिन धरातल पर बुकिंग बंद होने से हड़कंप मच गया है।
शादी-समारोह और उद्योगों पर पड़ेगा सीधा असर
इस अघोषित रोक का सबसे ज्यादा असर होटल, रेस्टोरेंट, हलवाई और कैटरिंग व्यवसाय पर पड़ेगा। राजस्थान में फिलहाल शादियों का सीजन (सावे) चरम पर है, ऐसे में गैस की किल्लत हलवाइयों और कैटरर्स के लिए बड़ी मुसीबत बन सकती है। इसके अलावा, भीलवाड़ा की औद्योगिक इकाइयों (कपड़ा और कांच उद्योग), जहाँ गैस की भारी खपत होती है, वहां भी कामकाज प्रभावित होने की आशंका है।
घरेलू उपभोक्ताओं के लिए भी बदले नियम
कॉमर्शियल पर रोक के साथ-साथ घरेलू सिलेंडर की बुकिंग में भी सख्ती की गई है। पैनिक बुकिंग और जमाखोरी रोकने के लिए अब एक सिलेंडर लेने के 25 दिन बाद ही अगली बुकिंग की जा सकेगी। तेल कंपनियों के सब कुछ 'सामान्य' होने के दावों के बीच यह आदेश आने वाले समय में बड़ी किल्लत के संकेत दे रहे हैं।
भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें:
समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: [email protected], व्हाट्सएप: 9829041455)
विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129
संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा
फोन: 7737741455
