भजन गायक गोकुल शर्मा का जन्मोत्सव सेवा कार्यों के साथ मनाया, रोगियों को फल व व्हीलचेयर भेंट की

आकोला (रमेश चन्द डाड)। अखिल भारतीय गोकुल शर्मा मित्र मंडल मांडलगढ़ के तत्वाधान में गुरुवार को प्रसिद्ध भजन कलाकार गोकुल शर्मा का जन्मोत्सव श्रद्धा और सेवा भाव के साथ मनाया गया। इस अवसर पर श्री बाणमाता शक्तिपीठ परिसर में विभिन्न सेवा प्रकल्पों का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान मित्र मंडल के सदस्यों ने श्री बाणमाता शक्तिपीठ के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। जन्मोत्सव की खुशी में शक्तिपीठ परिसर में उपस्थित पक्षागत (पैरालिसिस) रोगियों को फल वितरित किए गए। सामाजिक सरोकार निभाते हुए श्री बाणमाता शक्तिपीठ प्रबंधन विकास संस्थान को पीने के पानी के लिए 25 केन और दिव्यांग व असहाय रोगियों की सहायता हेतु 5 व्हीलचेयर भेंट की गई।
समारोह में आयोजन मंडल के रामपाल शर्मा, सूरज भट्ट, मनीष शर्मा और भेरू शर्मा सहित अन्य सदस्यों ने गोकुल शर्मा का मेवाड़ी साफा बांधकर व माला पहनाकर भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया। इस दौरान शक्तिपीठ संस्थान के अध्यक्ष अशोक कुमार शर्मा, कोषाध्यक्ष कन्हैयालाल धाकड़, महामंत्री अमित जोशी, व्यवस्थापक प्रमोद कुमार धाकड़, केशियर प्रदीप पोरवाल, भेरुलाल जोशी, भेरूलाल रायका, खाना धाकड़ और भेरू धाकड़ सहित बड़ी संख्या में भक्तजन उपस्थित रहे।
