देवनारायण मंदिर में फागोत्सव की धूम, भजनों की स्वर लहरियों पर झूमीं महिलाएँ

आकोला (रमेश चंद्र डाड)। फाल्गुन मास की मस्ती, रंग और भक्ति से सराबोर वातावरण के बीच महुआ स्थित दाता के देवनारायण मंदिर में राधे कृष्णा ग्रुप की महिलाओं द्वारा भव्य फागोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान श्री कृष्ण की आरती और उन्हें गुलाल-अबीर अर्पित कर किया गया, जिससे संपूर्ण परिसर भक्तिमय हो उठा।
लोकगीतों और भजनों से गुंजायमान हुआ मंदिर
फागोत्सव के दौरान महिलाओं ने सामूहिक रूप से भजनों और फाग गीतों की मनोहारी प्रस्तुतियाँ दीं। “भागा रे भागा देखो नन्दलाला”, “ऐसी होली खेली रे कान्हा, भांग चढ़गी” और “रंग मत डार रे सांवरिया म्हानै” जैसे रसपूर्ण लोकगीतों पर श्रद्धालु भाव-विभोर होकर नृत्य करने लगे। पारंपरिक वेशभूषा में सजी महिलाओं की सक्रिय सहभागिता ने आयोजन में चार चांद लगा दिए।
सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण का संदेश
राधे कृष्णा ग्रुप की महिलाओं ने बताया कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करना और नई पीढ़ी को धार्मिक परंपराओं से जोड़ना है। कार्यक्रम में अनुशासन और मर्यादा का विशेष ध्यान रखा गया। आयोजन के अंत में सभी उपस्थित श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।
इनकी रही गरिमामयी उपस्थिति
इस अवसर पर अनु वैष्णव, लीला सुथार, मीनाक्षी सोनी, समता वैष्णव, सिंटू चौहान, मीरा माली, राधा सुथार, पूजा चौहान, ललिता माली, रेखा माली, बसंती माली, चंद्रकला कुमावत, रेणु सोनी, विष्णु वैष्णव, रेखा वैष्णव, गायत्री राठौर, रिंकू सोनी, सीता टेलर सहित क्षेत्र की अनेक ग्रामीण महिलाएँ मौजूद रहीं।
