जलझूलनी एकादशी पर गूंजे जयकारे, तिलक नगर 8 सेक्टर से निकली शोभायात्रा

भीलवाड़ा | जलझूलनी एकादशी के पावन पर्व पर शहर में भक्ति और उल्लास का माहौल रहा। तिलक नगर 8 सेक्टर के निवासियों की सर्वसम्मति से भगवान श्री चारभुजा नाथ की भव्य शोभायात्रा निकाली गई।
शोभायात्रा तिलक नगर 8 सेक्टर से शुरू होकर भवानी नगर स्थित गुर्जरों की बावड़ी में जल विहार के लिए पहुँची। इस दौरान हजारों की संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए, जिन्होंने 'जय चारभुजा नाथ' के जयकारों के साथ पूरे रास्ते को भक्तिमय बना दिया। बैंड-बाजे और भजन मंडलियों ने शोभायात्रा में चार चाँद लगा दिए।
गुर्जरों की बावड़ी में पुरोहितों ने वैदिक विधि-विधान के साथ भगवान का जल विहार कराया। इस पवित्र अनुष्ठान में भारी संख्या में भक्तों का सहयोग और उत्साह देखने को मिला। बड़ी संख्या में मौजूद भक्तों ने भगवान के दर्शन किए और प्रसाद ग्रहण किया।
जल विहार के बाद शोभायात्रा वापस मंदिर लौटी, जहाँ महाआरती के साथ पर्व का समापन हुआ।
