भीलवाड़ा में चेटीचंड की धूम: 'जय झूलेलाल' के जयघोष के साथ निकली भव्य वाहन रैली

X

भीलवाड़ा । सिंधी समाज के आराध्य देव भगवान झूलेलालजी के जन्मोत्सव 'चेटीचंड महोत्सव' को लेकर वस्त्र नगरी भीलवाड़ा में उत्साह का माहौल चरम पर है। महोत्सव की पूर्व संध्या पर गुरुवार को सिंधी समाज द्वारा एक विशाल वाहन रैली का आयोजन किया गया, जिसने शहर को भक्तिमय कर दिया।

सांस्कृतिक उल्लास और श्रद्धा का संगम

यह पावन पर्व भक्ति, उल्लास और सिंधी संस्कृति के विविध रंगों के साथ मनाया जा रहा है। गुरुवार को आयोजित वाहन रैली चित्रकूट धाम से शुरू होकर नाथद्वारा सराय तक निकाली गई। रैली के दौरान दुपहिया और चौपहिया वाहनों पर सवार समाजजन भगवान झूलेलाल के जयकारे लगाते हुए चल रहे थे। मार्ग में जगह-जगह पटाखे छोड़ पुष्प वर्षा कर रैली का स्वागत किया गया।

तैयारियां पूर्ण, चहुंओर उत्सव का माहौल

चेटीचंड के मुख्य पर्व को लेकर शहर के प्रमुख मार्गों से लेकर सिंधी मंदिरों तक सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। मंदिरों को आकर्षक रोशनी और फूलों से सजाया गया है। शहर के कोने-कोने में "जय झूलेलाल" के जयघोष गूंज रहे हैं। रैली के दौरान समाज के युवाओं और वरिष्ठ जनों में भारी उत्साह देखा गया, वहीं बाजार में विभिन्न स्थानों पर समाज की ओर से अल्पाहार और शीतल पेय की व्यवस्था भी की गई।

Tags

Next Story