मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी अशोक पारीक ने प्रधानाचार्य कक्ष का किया शुभारम्भ

आकोला (रमेश चंद्र डाड)निकटवर्ती राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, गेन्दलिया में नवसज्जित प्रधानाचार्य कक्ष का शुभारम्भ मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी अशोक पारीक द्वारा विधिवत रूप से किया गया। शुभारम्भ अवसर पर विद्यालय परिसर में उत्साहपूर्ण वातावरण रहा तथा शिक्षण-प्रशासन से जुड़े स्टाफ साथी उपस्थित रहे। शुभारम्भ कार्यक्रम के दौरान मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी अशोक पारीक ने कहा कि प्रधानाचार्य कक्ष विद्यालय का प्रशासनिक केंद्र होता है जहाँ से शैक्षणिक गतिविधियों का संचालन एवं अनुशासन सुनिश्चित किया जाता है। उन्होंने कहा कि सुव्यवस्थित एवं सुविधायुक्त प्रधानाचार्य कक्ष से न केवल विद्यालय प्रशासन को मजबूती मिलेगी बल्कि अभिभावकों एवं विद्यार्थियों के साथ संवाद भी अधिक प्रभावी होगा। उन्होंने विद्यालय के शिक्षकों की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अनुशासन और नैतिक मूल्यों के विकास के लिए शिक्षक समाज की रीढ़ होते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास हेतु नवाचार, तकनीक के समुचित उपयोग एवं सकारात्मक शैक्षणिक वातावरण बनाए रखने पर विशेष बल दिया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य ने अपने उद्बोधन में मुख्य अतिथि एवं उपस्थित अतिथियों का स्वागत करते हुए विद्यालय की शैक्षणिक उपलब्धियों, सह-शैक्षणिक गतिविधियों एवं भविष्य की योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रधानाचार्य कक्ष के शुभारम्भ से विद्यालय के प्रशासनिक कार्यों को अधिक सुचारु रूप से संपादित किया जा सकेगा। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार की ओर से मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी अशोक पारीक का आभार व्यक्त किया गया। इस अवसर पर शिक्षकगण, कर्मचारी, विद्यालय प्रबंधन से जुड़े सदस्य उपस्थित रहे।
