मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास भीलवाड़ा पहुंचे, टेक्सटाइल और कृषि विकास पर मंथन

भीलवाड़ा। राजस्थान के मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास शुक्रवार को अपने तीन दिवसीय प्रदेश दौरे के तहत भीलवाड़ा पहुंचे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, मुख्य सचिव सुबह 8 बजे जयपुर से प्रस्थान कर सड़क मार्ग द्वारा टेक्सटाइल सिटी पहुंचे, जहां प्रशासनिक अमले द्वारा उनका स्वागत किया गया।
नितिन स्पिनर्स में अहम बैठक
मुख्य सचिव के इस दौरे का मुख्य केंद्र भीलवाड़ा का औद्योगिक और कृषि विकास है। वे चित्तौड़ रोड स्थित नितिन स्पिनर्स में एक महत्वपूर्ण बैठक ले रहे है। इस दौरान वे जिले के प्रमुख टेक्सटाइल उद्योगपतियों के साथ संवाद करेंगे और उद्योग की वर्तमान स्थिति व भविष्य की योजनाओं पर चर्चा कर विशेष रूप से 'कस्तूरी कॉटन' से जुड़े किसानों के साथ भी उनकी चर्चा प्रस्तावित है, जिसमें कपास की गुणवत्ता और किसानों की आय बढ़ाने जैसे विषयों पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा।
सर्किट हाउस में सुरक्षा और तैयारियां चाक-चौबंद
मुख्य सचिव सर्किट हाउस पहुंचें। उनके आगमन को लेकर पिछले कई घंटों से सर्किट हाउस में तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। प्रशासन द्वारा सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ प्रोटोकॉल के तमाम इंतजाम पुख्ता किए गए हैं। जिला कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक सहित आला अधिकारियों ने व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
आगे का कार्यक्रम: राजसमंद और उदयपुर प्रस्थान
भीलवाड़ा के कार्यक्रमों के पश्चात मुख्य सचिव दोपहर 3 बजे राजसमंद के लिए रवाना होंगे, जहां वे श्रीनाथजी के दर्शन करेंगे और स्थानीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक लेंगे। इसके बाद शाम 6 बजे वे उदयपुर पहुंचेंगे, जहां सर्किट हाउस में उनका रात्रि विश्राम रहेगा। 21 मार्च को मुख्य सचिव उदयपुर में आरएनटी मेडिकल कॉलेज, आईआईएम और आरएसएमएमएल का दौरा कर चिकित्सा व उच्च शिक्षा की समीक्षा करेंगे।
