बाल विवाह रोकथाम को लेकर बच्चों ने ली शपथ, 100 दिवसीय अभियान जारी

बाल विवाह रोकथाम को लेकर बच्चों ने ली शपथ, 100 दिवसीय अभियान जारी
X

भीलवाड़ा। 100 दिवसीय बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत बाल विवाह जैसी सामाजिक बुराई के खिलाफ जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से बाल अधिकारिता विभाग एवं जिला बाल संरक्षण इकाई द्वारा विद्यालयों में जागरूकता गतिविधियां आयोजित की गईं। बाल विवाह बालिकाओं की शिक्षा, स्वास्थ्य एवं समग्र विकास में बाधक है तथा उनके सपनों को साकार होने से रोकता है।

बाल अधिकारों की रक्षा एवं जागरूकता बढ़ाने के तहत सहायक निदेशक धर्मराज प्रतिहार के निर्देशानुसार महात्मा गांधी राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय शाह जी मोहल्ला तथा महात्मा गांधी राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय पुराना भीलवाड़ा में बाल विवाह रोकथाम विषय पर कार्यक्रम आयोजित किए गए।

कार्यक्रम के दौरान बच्चों को बताया गया कि बाल विवाह एक अभिशाप और सामाजिक कुरीति है, जिसे रोकने के लिए सभी को आगे आकर अपनी आवाज बुलंद करनी होगी। बच्चों को बाल विवाह रोकथाम की शपथ दिलाई गई तथा बाल अधिकार, बालिका शिक्षा और बाल विवाह के दुष्प्रभावों पर विस्तार से चर्चा की गई।

इस दौरान यह भी जानकारी दी गई कि बाल विवाह करवाने अथवा उसमें शामिल होने वालों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई का प्रावधान है, जिसमें दो वर्ष तक की सजा हो सकती है।

जागरूकता गतिविधि में जिला बाल संरक्षण इकाई की संरक्षण अधिकारी अनुराधा तोलंबिया, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 के सुपरवाइजर राधेश्याम गुर्जर, केस वर्कर शिवराज खटीक एवं सुमन साहू ने बच्चों को जानकारी प्रदान की। उन्होंने बताया कि बाल विवाह रोकथाम के लिए चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 पर सूचना दी जा सकती है और सूचना देने वाले का नाम गोपनीय रखा जाता है।

कार्यक्रम में विद्यालय प्रधानाचार्य सुशील खावया, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने भाग लिया।

Tags

Next Story