हरी सेवा आश्रम में प्रधानमंत्री की 'मन की बात' का हुआ सामूहिक श्रवण

भीलवाड़ा (हलचल)। देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम 'मन की बात' का 131वां संस्करण रविवार को भीलवाड़ा के हरी सेवा उदासीन आश्रम में हर्षोल्लास के साथ सुना गया। "सनातन मंगल महोत्सव एवं दीक्षा दान समारोह" के पावन अवसर पर श्रीमद्भागवत महापुराण कथा परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में भारी संख्या में सनातनी भाई-बहनों ने शिरकत की।
यह आयोजन महामंडलेश्वर स्वामी हंसराम उदासीन के पावन सानिध्य व मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता भीलवाड़ा विधायक अशोक कुमार कोठारी ने की। इस दौरान विशिष्ट अतिथियों के रूप में पूर्व न्यास अध्यक्ष लक्ष्मी नारायण डाड, भाजपा प्रदेश कार्य समिति सदस्य भगवान सिंह चौहान, प्रदेश प्रवक्ता रमेश नवहाल, निवृत्तमान जिला अध्यक्ष एडवोकेट लादू लाल तेली, महापौर राकेश पाठक, गौ भक्त सुनील जागेटिया, जैन संगठना अध्यक्ष अनिल कोठारी, समाजसेवी नेमचंद सिंघवी, सांसद प्रवक्ता विनोद झूर्रानी तथा भाजपा जिला उपाध्यक्ष कल्पेश चौधरी मंचासीन रहे।
कार्यक्रम का कुशल संचालन भाजपा पूर्व जिला महामंत्री एवं विधायक कार्यालय प्रभारी बाबूलाल टाक ने किया। उदासीन आश्रम मीडिया प्रभारी ने बताया कि इस अवसर पर सिंधी समाज, भारतीय जैन संगठन और विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों सहित सैकड़ों गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
प्रधानमंत्री के संदेश को सुनने के बाद उपस्थित जनसमूह ने राष्ट्रहित और सामाजिक सरोकारों से जुड़े विषयों पर प्रेरणा ली। सभी ने समाज में सकारात्मक परिवर्तन, सेवा और संस्कारों के प्रसार हेतु सक्रिय भूमिका निभाने का सामूहिक संकल्प लिया। कार्यक्रम का विधिवत समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।
