भक्ति का शंखनाद: भीमेश्वर महादेव मंदिर में तीन दिन बहेगी शिव आराधना की गंगा

भीलवाड़ा । महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर शहर के ऐतिहासिक तेजाजी चौक स्थित भीमेश्वर महादेव मंदिर शिवालय में आस्था और श्रद्धा का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। महादेव की भक्ति में सराबोर होने के लिए मंदिर परिसर में 14 से 16 फरवरी तक त्रि-दिवसीय भव्य महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है।

​शिवभक्त प्रहलाद खटीक ने जानकारी देते हुए बताया कि महाशिवरात्रि के उपलक्ष्य में आयोजित इस महोत्सव में भगवान भोलेनाथ का विशेष श्रृंगार और अभिषेक किया जाएगा। आयोजन की सबसे खास बात चार पहर का दिन-रात चलने वाला अखंड अभिषेक होगा, जिसमें विद्वान पंडितों द्वारा शिव मंत्रों के उच्चारण से पूरा वातावरण शिवमय हो उठेगा। ​महोत्सव के तीनों दिन (14, 15 और 16 फरवरी) शाम को भव्य भजन संध्या का आयोजन होगा। इसमें विभिन्न भजन मंडलियों और स्थानीय कलाकारों द्वारा महादेव के भजनों की प्रस्तुतियां दी जाएंगी। सुर और ताल के साथ जब भक्त 'हर-हर महादेव' का उद्घोष करेंगे, तो समूचा क्षेत्र कैलाशाधिपति की भक्ति में डूब जाएगा। ​आध्यात्मिक चेतना को जागृत करने के लिए मंदिर में विद्वान पंडितों द्वारा मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्री राम की महिमा (रामायण पाठ) का वाचन भी किया जाएगा। मंदिर के महंत पंडित भरतराम जोशी (गुरुजी) के सानिध्य में होने वाले इन अनुष्ठानों में विधि-विधान से पूजा-अर्चना संपन्न होगी। आयोजन की तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। उन्होंने समस्त धर्मप्रेमी जनता और शिवभक्तों से सपरिवार इस तीन दिवसीय महोत्सव में पधारने और महादेव का आशीर्वाद प्राप्त करने का करबद्ध निवेदन किया है।

Next Story