भारतीय दूरसंचार विनियामक प्राधिकरण की “सेवाओं की गुणवत्ता” पर उपभोक्ता जागरूकता कार्यशाला आयोजित

भीलवाड़ा।भारतीय दूरसंचार विनियामक प्राधिकरण (ट्राई) द्वारा उपभोक्ता जागरूकता को बढ़ावा देने हेतु “सेवाओं की गुणवत्ता” विषय पर एक कार्यशाला का आयोजन विद्या प्रोफेशनल एंड टेक्निकल कॉलेज, पालड़ी (भीलवाड़ा) में किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं आम उपभोक्ताओं को दूरसंचार सेवाओं की गुणवत्ता एवं उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में कट्स, जयपुर से राजदीप पारीक, भारत संचार निगम लिमिटेड, भीलवाड़ा से चन्द्रशेखर तथा एयरटेल से सिकंदर एवं हिमांशु गुप्ता उपस्थित रहे। वक्ताओं ने प्रतिभागियों को दूरसंचार सेवाओं की गुणवत्ता, ट्राई की विभिन्न पहल एवं उपभोक्ताओं के अधिकारों से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की। कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को डीएनडी, माई स्पीड और संचार साथी ऐप के बारे में जानकारी दी गई तथा उन्हें डाउनलोड भी करवाए गए।
कॉलेज की निदेशक गीता चौधरी एवं प्राचार्य जसवंत सिंह ने ऐसे कार्यक्रमों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इस प्रकार की कार्यशालाएं विद्यार्थियों को व्यवहारिक ज्ञान प्रदान करने के साथ-साथ उन्हें जागरूक नागरिक बनने में सहायता करती हैं।
कार्यक्रम में कुल 120 प्रतिभागियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया और विभिन्न विषयों पर प्रश्न पूछकर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया। कार्यक्रम के अंत में एक प्रश्नोत्तरी का आयोजन भी किया गया तथा विजेता विद्यार्थियों को पारितोषिक वितरित किए गए।
कार्यक्रम का संचालन एवं धन्यवाद ज्ञापन गौरव चतुर्वेदी द्वारा किया गया।
