भीलवाड़ा में चामुंडा भारत गैस एजेंसी पर उपभोक्ताओं का फूटा गुस्सा, 15 दिन बाद भी नहीं मिल रहा सिलेंडर

X

भीलवाड़ा। मध्य एशिया में जारी युद्ध के हालातों के बीच अब स्थानीय स्तर पर रसोई गैस का गहरा संकट खड़ा हो गया है। शहर के पंचवटी क्षेत्र स्थित चामुंडा भारत गैस एजेंसी पर पिछले 15 दिनों से उपभोक्ताओं को सिलेंडर नहीं मिल पा रहे हैं, जिससे आक्रोशित लोगों ने आज एजेंसी पर जमकर हंगामा किया।

नियमों की उड़ी धज्जियां: घर के बजाय कतारों में खड़े उपभोक्ता

सरकारी गाइडलाइंस के अनुसार, बुक किया गया सिलेंडर उपभोक्ता के घर पहुंचना अनिवार्य है, जिसके लिए बाकायदा डिलीवरी चार्ज भी लिया जाता है। लेकिन चामुंडा गैस एजेंसी पर यह नियम पूरी तरह बेअसर साबित हो रहे हैं। बुकिंग के दो हफ्ते बाद भी सिलेंडर घर नहीं पहुँच रहे, जिससे मजबूर होकर लोगों को अपना काम-धंधा छोड़कर सुबह से ही एजेंसी के बाहर लंबी कतारों में लगना पड़ रहा है।

उपभोक्ताओं का आरोप: बहानेबाजी कर रहा प्रबंधन

मौके पर मौजूद उपभोक्ताओं ने बताया कि वे सुबह की पहली किरण के साथ यहां आ जाते हैं, लेकिन शाम को खाली हाथ ही लौटना पड़ता है। उपभोक्ता प्रदीप सोनी ने आक्रोश जताते हुए कहा, "मैंने 12 तारीख को बुकिंग करवाई थी, डिलीवरी कोड भी आ गया लेकिन सिलेंडर नहीं मिला। जिला प्रशासन दांवे कर रहा है कि गैस की कमी नहीं है, लेकिन हकीकत सबके सामने है।" वहीं, एक अन्य पीड़ित पप्पू शर्मा ने बताया कि वे 15 दिन से चक्कर काट रहे हैं। उन्हें कभी कंप्यूटर खराब होने तो कभी गाड़ी रास्ते में होने का बहाना बनाकर टाल दिया जाता है।

दिहाड़ी मजदूरों और कामकाजी लोगों के लिए यह संकट दोहरी मार साबित हो रहा है। एक तरफ घर में चूल्हा नहीं जल रहा, तो दूसरी तरफ एजेंसी के चक्कर काटने में उनकी मजदूरी का भी नुकसान हो रहा है।

Tags

Next Story