महात्मा गांधी अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों के संविदा सहायक अध्यापकों ने नियमितीकरण की मांग को लेकर सौंपा ज्ञापन

आकोला (रमेश चंद्र डाड)। महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय बड़लियास में कार्यरत संविदा सहायक अध्यापक अभिषेक शर्मा एवं सचिन अजमेरा ने मांडलगढ़ विधायक गोपाल खंडेलवाल को ज्ञापन सौंपकर नियमितीकरण की मांग उठाई। ज्ञापन के माध्यम से महात्मा गांधी अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों में संविदा पर कार्यरत सहायक अध्यापकों के स्थायीकरण तथा इसके लिए स्पष्ट एसओपी जारी करने की मांग की गई।
ज्ञापन में बताया गया कि संविदा सहायक अध्यापकों के तीन संविदा सत्र एवं तीन शैक्षणिक सत्र 2023-24, 2024-25 और 2025-26 वर्तमान सत्र में 31 मार्च 2026 को पूर्ण हो रहे हैं। राज्य सरकार द्वारा बजट मार्च 2025 में घोषित सेवा अनुभव गणना में दो वर्ष की छूट का लाभ अभी तक आदेश के अभाव में नहीं मिल पाया है। संविदा अध्यापकों ने मांग की कि बजट घोषणा के अनुरूप अनुभव गणना में दो वर्ष की छूट का आदेश शीघ्र जारी किया जाए तथा महात्मा गांधी अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों में कार्यरत समस्त संविदा सहायक अध्यापकों के चरणबद्ध नियमितीकरण हेतु पारदर्शी एसओपी लागू की जाए, जिससे समयबद्ध रूप से प्रक्रिया पूर्ण हो सके।
विधायक गोपाल खंडेलवाल ने ज्ञापन को गंभीरतापूर्वक सुनते हुए इसे भजनलाल शर्मा, दिया कुमारी एवं मदन दिलावर तक पहुंचाने तथा शीघ्र समाधान के लिए सकारात्मक प्रयास करने का आश्वासन दिया। संविदा सहायक अध्यापकों ने विश्वास जताया कि राज्य सरकार उनकी मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार कर न्यायोचित निर्णय लेगी।
