सुरभि गौ चिकित्सालय का लोकार्पण और भगवान चारभुजा नाथ के किये दर्शन: गौमाता का सनातन संस्कृति में सर्वोच्च स्थान गौ-चिकित्सालय से गायों को समय पर मिलेगा त्वरित और प्रभावी उपचार - मुख्यमंत्री शर्मा

गौमाता का सनातन संस्कृति में सर्वोच्च स्थान  गौ-चिकित्सालय से गायों को समय पर मिलेगा त्वरित और प्रभावी उपचार  - मुख्यमंत्री शर्मा
X

® पेपरलीक प्रकरणों में छोटी मछलियां ही नहीं अब मगरमच्छ भी पकड़े जा रहेश्री चारभुजा नाथ मंदिर में किए दर्शन

® नागरिक कर्तव्य निभाते हुए प्रत्येक जरूरतमंद तक पहुंचाएं योजनाओं का लाभ


कोटड़ी -मूलचन्द पेसवानी / सावर वैष्णव । मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि गौमाता का सनातन संस्कृति में हमेशा से सर्वोच्च स्थान रहा है। गौ-वंश की अपार महिमा के चलते ही छोटे से लेकर बड़े अनुष्ठानों में गाय को पूजा जाता है। गाय को आर्थिक समृद्धि, कृषि और आयुर्वेद का आधार एवं पर्यावरण संरक्षक माना गया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार भी प्रदेश में गौवंश संरक्षण और गोपालकों की सहायता के लिए निरंतर अहम निर्णय ले रही है जिससे गौवंश का संरक्षण और संवर्द्धन सुनिश्चित हो सके।

श्री शर्मा शुक्रवार को शाहपुरा के कोटड़ी में श्री सुरभि गौ-चिकित्सालय, गौ गृह एवं आईटीआई भवन के उद्घाटन और सामुदायिक भवन एवं किसान प्रशिक्षण सभागार के विस्तारीकरण के शिलान्यास समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की देवनारायण गौशाला में आधुनिक गौ चिकित्सालय की कमी के चलते श्री सुरभि चिकित्सालय का शुभारंभ किया गया है। इस गौ चिकित्सालय में आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध होने से अब गौवंश का उपचार त्वरित और प्रभावी रूप से हो सकेगा। उन्होंने दानदाताओं-भामाशाहों का इस चिकित्सालय में व्यापक प्रबंधन के लिए आभार जताया।

गौमाता के गौरव को लौटाने के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्ध

मुख्यमंत्री ने देवनारायण गौशाला में गौमाता का पूजन किया



मुख्यमंत्री ने कहा कि गौमाता की देखभाल और उसका सम्मान करना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार इस महती जिम्मेदारी को समझकर गौमाता के गौरव को लौटाने के लिए प्रतिबद्ध है। राज्य सरकार प्रदेश में गौवंश संरक्षण और गोपालकों की सहायता के लिए जरूरी कदम उठा रही है। गोपाल क्रेडिट कार्ड योजना के माध्यम से गोपालकों के लिए एक लाख रुपये तक ब्याज मुक्त ऋण, पंजीकृत गौशालाओं के अनुदान में 10 प्रतिशत वृद्धि, 100 गौशालाओं को रियायती दरों पर गौ काष्ठ मशीन उपलब्ध करवाने सहित विभिन्न कार्य गौमाता के संवर्धन के लिए किए जा रहे हैं।

संकल्प पत्र में किए गए प्रत्येक वादे को पूरा करेगी राज्य सरकार

श्री शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार संकल्प पत्र तथा बजट में किए गए सभी वादों को धरातल पर उतारने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने आश्वस्त किया कि संकल्प पत्र में किए प्रत्येक वादे को पूरा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पेपरलीक प्रकरणों में एसआईटी द्वारा अब तक 115 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इन प्रकरणों में छोटी मछलियां ही नहीं मगरमच्छ भी पकड़े जा रहे हैं। युवाओं के सपनों पर कुठाराघात करने वाले किसी भी अपराधी को नहीं बख्शा जाएगा।

मुख्यमंत्री ने किया अभिवादन

मुख्यमंत्री ने कहा कि गौ सेवा न केवल एक धार्मिक कर्तव्य है, बल्कि यह हमारे जीवन के सर्वांगीण विकास का मार्ग भी प्रशस्त करती है। उन्होंने युवाओं को गोपालन के क्षेत्र में आगे आकर काम करने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि राजस्थान सरकार ने गोपालकों को प्रोत्साहित करने के लिए गोपालन क्रेडिट कार्ड की सुविधा दी है, जिसके तहत पशुपालकों को ₹1,00,000 तक का लोन आसानी से उपलब्ध कराया जाएगा। इससे गोपालकों को अपने कार्य में और भी अधिक सुगमता होगी और वे गोवंश की बेहतर सेवा कर सकेंगे।


मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने गोपालन के क्षेत्र में राजस्थान सरकार की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि प्रदेश की 100 प्रमुख गौशालाओं में गोवंश की देखभाल के लिए अत्याधुनिक मशीनों की सुविधा निशुल्क प्रदान की जा रही है। इसके अलावा, गोपालन को बढ़ावा देने के लिए बजट में कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की गई हैं, जो प्रदेश के पशुपालकों के लिए लाभकारी साबित होंगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने गोवंश की सेवा और उनके संरक्षण के लिए अनेक योजनाएं शुरू की हैं, जो न केवल आर्थिक दृष्टि से बल्कि पर्यावरणीय संतुलन के लिए भी महत्वपूर्ण हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार हमेशा से ग्रामीण विकास, गोपालन और पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रतिबद्ध रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि सरकार इन क्षेत्रों में निरंतर कार्य करती रहेगी और आने वाले समय में और भी कई योजनाएं लागू की जाएंगी, जो न केवल गोपालकों बल्कि आम जनता के जीवन स्तर को भी ऊंचा उठाने में सहायक होंगी।

मुख्यमंत्री ने शाहपुरा जिले में विकास कार्यों की भी चर्चा की और कहा कि राज्य सरकार ने इस क्षेत्र के समुचित विकास के लिए बजट में कई घोषणाएं की हैं। उन्होंने शाहपुरा और जहाजपुर क्षेत्र में किए गए विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि इनसे क्षेत्र की प्रगति में उल्लेखनीय वृद्धि होगी। मुख्यमंत्री के इस भाषण के दौरान लोगों ने तालियों की गड़गड़ाहट से उनका स्वागत किया, जिससे यह साफ हो गया कि जनता राज्य सरकार की योजनाओं और प्रयासों से काफी संतुष्ट है।

धार्मिक स्थलों का वंदन और पर्यावरण संरक्षण की अपील

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने अपने भाषण में शाहपुरा जिले के प्रमुख धार्मिक स्थलों का भी जिक्र किया। उन्होंने कोटड़ी के भगवान चारभुजा नाथ, शाहपुरा क्षेत्र के धनोप मातेश्वरी, रामस्नेही संप्रदाय की मुख्य पीठ रामनिवास धाम, जहाजपुर के घटारानी मातेश्वरी, और स्वस्ति धाम का उल्लेख करते हुए कहा कि इन सभी स्थानों का वंदन करना अनिवार्य है। उन्होंने सभी स्थलों को प्रणाम करते कहा कि इन धार्मिक स्थलों से हमारी संस्कृति और आस्था जुड़ी हुई है और इनका संरक्षण और विकास आवश्यक है।

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से पर्यावरण दिवस के अवसर पर की गई अपील का जिक्र करते हुए कहा कि हर नागरिक को अपनी मां के नाम पर एक पौधा लगाने और उसकी देखभाल करने का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि पौधारोपण और पर्यावरण संरक्षण हमारे समाज और आने वाली पीढ़ियों के लिए बेहद जरूरी है।

गौ सेवा और पशुपालन को बढ़ावा देने की योजना



समारोह के मुख्य वक्ता और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य सुरेश कुमार ने भी गौ सेवा के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि गौ माता को नदी मानकर उनकी सेवा और पालन करना चाहिए, इससे बड़ा कोई पुण्य कार्य नहीं हो सकता। राजस्थान सरकार के गोपालन एवं पशुपालन मंत्री जोराराम कुमावत ने भी इस अवसर पर सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी और बताया कि कैसे ये योजनाएं पशुपालकों को लाभान्वित कर रही हैं।

गौ चिकित्सालय का लोकार्पण और गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति

समारोह में भीलवाड़ा के सांसद दामोदर अग्रवाल, राज्यसभा के सांसद राजेंद्र गहलोत, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रमुख अधिकारी सुरेश कुमार, जोधपुर के उद्योगपति प्रेम सिंह राव, भाजपा जिला अध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा सहित कई भाजपा नेताओं ने भी भाग लिया। अंत में गौशाला समिति के अध्यक्ष लादूलाल जाट ने सभी का आभार व्यक्त किया और कहा कि गौशाला समिति समर्पित भाव से गोवंश की सेवा के कार्य में जुटी रहेगी।

श्री चारभुजा नाथ मंदिर में किए दर्शन

इससे पहले मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा ने कोटड़ी के चारभुजा नाथ मंदिर परिसर में भगवान श्री चारभुजा नाथ और श्री सर्वेश्वर महादेव के दर्शन किए। उन्होंने यहां पूजा-अर्चना कर प्रदेश एवं प्रदेशवासियों की खुशहाली एवं सुख-समृद्धि की कामना की।

श्री चारभुजा नाथ मंदिर में किए दर्शन

उन्होंने भगवान के सामने मत्था टेक कर आशीर्वाद लिया। उन्होंने इस मौके पर कहा कि मैं यहां आकर धन्य हो गया। उनके साथ सांसद दामोदर अग्रवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा के अलावा स्थानीय विधायक और अन्य भाजपा नेता भी थे। वहीं हेलिपेड पर मुख्यमंत्री की भाजपा नेताओं और अधिकारियों ने अगवानी की।

Next Story