खटवाड़ा गांव में गौशाला चंदा विवाद, ग्रामीणों ने पुलिसकर्मियों पर लगाया दबाव और मारपीट का आरोप
भीलवाड़ा। खटवाड़ा गांव के ग्रामीणों ने पुलिस थाना बीगोद के थानाधिकारी जय सुल्तान और दो कास्टेबल्स दिनेश मीणा तथा भुपेन्द्र सिंह पर गंभीर आरोप लगाते हुए ज्ञापन सौंपा है। ग्रामवासियों का आरोप है कि पुलिसकर्मी बजरी माफियाओं का पक्ष लेते हुए उन्हें डराने-धमकाने और मारपीट करने में संलिप्त हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि गांव में संचालित मा अचबली गौशाला सेवा समिति के सदस्य सोनू कुमार तेली और नारायण भण्डारी 15 दिसंबर 2025 को चौराहे पर चंदा इकट्ठा कर रहे थे। तभी थानाधिकारी जय सुल्तान और दोनों कास्टेबल बिना वर्दी पहने मौके पर आए और समिति के सदस्यों से रसीद बुक और चंदा राशि छीन ली। ग्रामीणों का कहना है कि पुलिसकर्मी अपने पद का रोब दिखाते हुए धमकी देने लगे और जब समिति के सदस्यों ने विरोध किया, तो उन्हें लात-घूसों से मारने की कोशिश की गई।
ज्ञापन में ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि ये पुलिसकर्मी बजरी माफियाओं के साथ साठगाठ कर अवैध बजरी दोहन में मदद कर रहे हैं और विरोध करने वालों को झूठे मुकदमों में फंसाने तथा धमकाने की कार्रवाई कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि नदी में अवैध बजरी निकालने के वीडियो भी पुलिस को दिखाए गए, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
ग्रामीणों ने पुलिस अधीक्षक भीलवाड़ा से निवेदन किया है कि उक्त पुलिसकर्मियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर निष्पक्ष जांच कर उचित कार्यवाही की जाए।
