प्रताप नगर ग्राउंड पर एस्ट्रो टर्फ बनाने के खिलाफ क्रिकेट खिलाड़ियों का विरोध

प्रताप नगर ग्राउंड पर एस्ट्रो टर्फ बनाने के खिलाफ क्रिकेट खिलाड़ियों का विरोध
X

भीलवाड़ा । प्रताप नगर ग्राउंड पर हॉकी के लिए एस्ट्रो टर्फ मैदान बनाए जाने की सूचना के बाद क्रिकेट खिलाड़ियों ने विरोध शुरू कर दिया है। खिलाड़ियों का कहना है कि यदि यहां एस्ट्रो टर्फ बिछाई गई, तो क्रिकेट, फुटबॉल और अन्य खेलों की गतिविधियां ठप हो जाएंगी।

यह मैदान पिछले 20 वर्षों से शहर में क्रिकेट गतिविधियों का प्रमुख केंद्र रहा है। प्रतिदिन यहां 60 से 70 खिलाड़ी अभ्यास करते हैं, जबकि रविवार को यह संख्या 200 से 250 तक पहुंच जाती है। यह शहर का एकमात्र ऐसा मैदान है, जहां हर उम्र के क्रिकेट प्रेमी नियमित रूप से खेलते हैं।

खिलाड़ियों का कहना है कि हॉकी के लिए पहले से ही 400 मीटर ट्रैक वाला ग्राउंड निर्धारित था, जहां पहले कई हॉकी प्रतियोगिताएं आयोजित हो चुकी हैं। इसी मैदान में हाल ही में नेशनल फुटबॉल टूर्नामेंट भी कराया गया था। अब उसी मैदान में एस्ट्रो टर्फ बिछाने का प्रस्ताव है।

खिलाड़ियों ने जिला प्रशासन और खेल विभाग से मांग की है कि हॉकी एस्ट्रो टर्फ के लिए कोई वैकल्पिक स्थान तय किया जाए, ताकि प्रताप नगर ग्राउंड क्रिकेट, फुटबॉल और अन्य खेलों के लिए सुरक्षित रह सके। इस दौरान बड़ी संख्या में खिलाड़ी प्रताप नगर स्कूल ग्राउंड में एकत्र हुए और विरोध प्रदर्शन किया। खिलाड़ियों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांग नहीं मानी गई तो विरोध आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

Next Story