स्वीफ्ट कार में आए बदमाशों ने मां के सामने से बेटी को उठाया, नाबालिग के अपहरण का मामला दर्ज

भीलवाड़ा। पुर थाना क्षेत्र के सालमपुरा गांव में एक नाबालिग बालिका के अपहरण का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़िता की मां ने थाने में उपस्थित होकर नामजद आरोपियों के खिलाफ अपनी पुत्री को जबरन गाड़ी में डालकर ले जाने और जान से मारने की धमकी देने की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए पॉक्सो एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
खेत से लौटते समय घात लगाकर किया हमला
प्रार्थिया ने रिपोर्ट में बताया कि 24 फरवरी 2026 की शाम करीब 7 बजे वह अपनी नाबालिग पुत्री के साथ खेत से घर लौट रही थी। स्कूल के पास पहले से घात लगाए बैठे सत्यनारायण विश्नोई, रामलाल, हीरा लाल और गोविंद ने अपनी स्वीफ्ट कार उनके आगे अड़ा दी। कार के साथ ही एक स्कूटी और मोटरसाइकिल पर भी चार अन्य युवक सवार थे।
जबरन कार में डालकर ले गए, दी जान से मारने की धमकी
रिपोर्ट के अनुसार, आरोपी सत्यनारायण, हीरा लाल और गोविंद कार से नीचे उतरे और नाबालिग को जबरन खींचकर गाड़ी में डाल लिया। विरोध करने पर आरोपियों ने मां के साथ गाली-गलौज की और ऐलानिया धमकी दी कि यदि पुलिस में रिपोर्ट की तो जान से मार देंगे। प्रार्थिया ने आशंका जताई है कि आरोपी उसकी पुत्री के साथ कोई बड़ी अनहोनी या सामूहिक दुष्कर्म जैसी वारदात कर सकते हैं।
पुलिस ने दर्ज किया मामला, जांच शुरू
पुर थानाधिकारी कन्हैयालाल ने बताया कि प्रार्थिया की रिपोर्ट पर आरोपी सत्यनारायण विश्नोई व अन्य के खिलाफ बीएनएस की धारा 126(2), 74, 137(2) और 7/8 पॉक्सो अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने नाबालिग की बरामदगी और मुलजिमों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित कर दी हैं। मामले का अनुसंधान स्वयं थानाधिकारी द्वारा किया जा रहा है।
