'अतिक्रमण मुक्त भीलवाड़ा' के लिए रविवार को पैडल चलाएगा साइकिल क्लब

भीलवाड़ा | नगर निगम द्वारा शहर को व्यवस्थित करने के लिए चलाए जा रहे 'अतिक्रमण हटाओ अभियान' को अब जन-सहयोग मिलने लगा है। इसी क्रम में भीलवाड़ा साइकिल क्लब द्वारा आगामी रविवार, 1 मार्च को एक विशेष साइकिल रैली का आयोजन किया जाएगा। रैली की मुख्य थीम “स्वच्छ एवं सुंदर भीलवाड़ा – अतिक्रमण मुक्त भीलवाड़ा” रखी गई है।
निगम आयुक्त दिखाएंगे हरी झंडी
साइकिल क्लब के प्रभारी अरुण संतोष मुछाल ने बताया कि रविवार प्रातः 7:30 बजे नगर निगम परिसर से रैली का शुभारंभ होगा। नगर निगम आयुक्त हेमाराम चौधरी रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इस अभियान का उद्देश्य शहरवासियों को स्वच्छता, सुगम यातायात और अतिक्रमण मुक्त सड़कों के महत्व के प्रति जागरूक करना है।
इन मार्गों से गुजरेगी रैली
रैली नगर निगम परिसर से शुरू होकर शहर के प्रमुख व्यापारिक और व्यस्त क्षेत्रों से गुजरेगी:
राजेंद्र मार्ग, मुरली विलास रोड और स्टेशन चौराहा।
गोल प्याऊ, सुभाष मार्केट, महाराणा टॉकीज और बड़ा मंदिर रोड।
पुराना भीलवाड़ा, धान मंडी, शहीद चौक और नेहरू रोड।
हरी सेवा धाम, प्रताप टॉकीज, आजाद चौक, सूचना केंद्र और राजीव गांधी मार्केट होते हुए पुनः निगम परिसर पहुंचेगी।
आमजन से सहभागिता की अपील
मुछाल के अनुसार, इस रैली में साइकिल क्लब के सदस्यों के साथ नगर निगम के अधिकारी व कर्मचारी भी पैडल चलाकर जागरूकता का संदेश देंगे। क्लब ने आम शहरवासियों से भी अपील की है कि वे इस अभियान में सहभागी बनें और भीलवाड़ा को सुंदर बनाने में अपना सहयोग प्रदान करें।
