यूआईटी की लापरवाही से बढ़ा खतरा, झाड़ियों में पनपे विषैले जीव, समाजसेवी ने जेसीबी से करवाई सफाई

भीलवाड़ा। नेहरू विहार से सिद्धिविनायक हॉस्पिटल की ओर जाने वाली मुख्य सड़क के दोनों तरफ यूआईटी के खाली भूखंडों में लंबे समय से सफाई नहीं होने के कारण क्षेत्र में झाड़ियां और अनावश्यक पेड़-पौधे घने हो गए हैं। इस लापरवाही के चलते अब यहां विषैले जीव-जंतुओं का खतरा बढ़ता जा रहा है, जिससे नेहरू विहार और तिलक नगर के रहवासियों में दहशत का माहौल है।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि घनी झाड़ियों की वजह से सांप, बिच्छू जैसे जहरीले जीव दिखाई देने लगे हैं। वहीं झाड़ियों की आड़ में असामाजिक तत्वों ने भी डेरा जमा लिया है, जिससे रात के समय चोरी की घटनाएं बढ़ रही हैं। लोगों ने बताया कि समस्या को लेकर कई बार हेल्पलाइन नंबर 181 पर शिकायत दर्ज करवाई गई, लेकिन इसके बावजूद अब तक यूआईटी या संबंधित विभाग द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
प्रशासनिक उदासीनता के बीच समाजसेवी एवं गौ रक्षक सोनू सिंह गौड ने पहल करते हुए नेहरू विहार वार्ड नंबर 53 में जेसीबी मशीन लगाकर सफाई अभियान चलवाया। सोनू सिंह गौड ने बताया कि News Nation81 में खबर सामने आने के बाद भी जब जिम्मेदार विभाग ने कोई कदम नहीं उठाया, तब उन्होंने अपने स्तर पर यह कार्य करवाकर क्षेत्रवासियों को राहत दिलाई।
क्षेत्रवासियों ने मांग की है कि यूआईटी के खाली भूखंडों की नियमित सफाई करवाई जाए और सुरक्षा व्यवस्था भी मजबूत की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा उत्पन्न न हो।
