13 मार्च को रखा जाएगा दशा माता का व्रत

13 मार्च को रखा जाएगा दशा माता का व्रत
X

भीलवाड़ा। शहर सहित जिले भर में सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली का प्रतीक 'दशा माता' का व्रत इस वर्ष 13 मार्च, शुक्रवार को पारंपरिक श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जाएगा। चैत्र मास की कृष्ण पक्ष की दशमी तिथि पर होने वाले इस पूजन को लेकर महिलाओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है।

धार्मिक गणना के अनुसार, दशमी तिथि 13 मार्च की सुबह 06:28 बजे प्रारंभ होकर 14 मार्च की सुबह 08:10 बजे तक रहेगी। उदयातिथि की मान्यता के अनुसार व्रत 13 मार्च को रखना ही शास्त्र सम्मत और उत्तम माना गया है। इस दिन महिलाएं सज-धजकर पीपल के वृक्ष की पूजा-अर्चना करेंगी और परिवार की 'दशा' सुधारने व सौभाग्य की कामना करेंगी।

पूजा के शुभ मुहूर्त

ज्योतिष शास्त्र के अनुसार, इस दिन पूजा के लिए विशेष मुहूर्त रहेंगे:

प्रातः काल (शुभ/लाभ): सुबह 06:53 बजे से 11:19 बजे तक।

दोपहर (चर): दोपहर 12:47 बजे से 02:16 बजे तक।

पूजन विधि और परंपरा

दशा माता व्रत के दिन महिलाएं कच्चे सूत का 10 तार का डोरा लेती हैं, जिसमें 10 गांठें लगाई जाती हैं। पीपल के वृक्ष की पूजा कर महिलाएं वृक्ष की 10 परिक्रमा करती हैं और सूत के डोरे को तने पर लपेटती हैं। पूजन के पश्चात इस पवित्र डोरे को गले में धारण किया जाता है। दशा माता की कहान‍िया सुनती है । मान्यता है कि इस व्रत के प्रभाव से घर की दरिद्रता दूर होती है और सुख-संपन्नता का वास होता है।

Tags

Next Story