श्रद्धा और विश्वास के बिना सफलता संभव नहीं: शिव पुराण कथा के चौथे दिन बोले पंडित प्रदीप मिश्रा

X

भीलवाड़ा हलचल ।शहर के संकट मोचन हनुमान मंदिर में महंत बाबू गिरी महाराज के सानिध्य में आयोजित शिव पुराण कथा के चौथे दिन विख्यात कथा वाचक पंडित प्रदीप मिश्रा ने श्रद्धालुओं को भक्ति का मार्ग दिखाया। उन्होंने जोर देकर कहा कि जिनके जीवन में महादेव के प्रति अटूट श्रद्धा और विश्वास नहीं है, वे कभी सफल नहीं हो सकते।


कथा के दौरान पंडित मिश्रा ने विश्वास की महिमा बताते हुए कहा कि जब आप शिव मंदिर जाते हैं, तो अपना सारा दुख-दर्द एक लोटा जल के रूप में महादेव को अर्पित कर देते हैं। वहां से लौटते समय आप खाली हाथ नहीं, बल्कि यह अटूट विश्वास लेकर लौटते हैं कि अब मेरा महादेव सब संभाल लेगा। उन्होंने कहा कि जब हम भगवान शिव की शरण में जाते हैं, तो एक लोटा जल के साथ अपना संपूर्ण विश्वास लेकर जाते हैं, और यही विश्वास हमारे जीवन के कष्टों को दूर करने की शक्ति रखता है।

मिश्रा ने आगे कहा कि मंदिर से जल चढ़ाकर लौटने के बाद भक्त के मन में जो सुकून और भरोसा होता है, वही उसकी सबसे बड़ी पूंजी है। कथा के दौरान बड़ी संख्या में मौजूद श्रद्धालु शिव भक्ति के भजनों पर झूमते नजर आए और पूरा परिसर 'हर हर महादेव' के जयकारों से गुंजायमान हो उठा।


प्रसन्नता नहीं, संपन्नता के पीछे भागता है आज का समाज: शिव पुराण कथा में बोले पंडित प्रदीप मिश्रा

​ संकट मोचन हनुमान मंदिर द्वारा आयोजित शिव पुराण कथा के दौरान पंडित प्रदीप मिश्रा ने आज के दौर की विडंबनाओं पर कड़ा प्रहार किया। उन्होंने समाज की बदलती मानसिकता का जिक्र करते हुए कहा कि वर्तमान समय बहुत विचित्र है, जहाँ व्यक्ति की प्रसन्नता से ज्यादा उसकी संपन्नता को महत्व दिया जा रहा है।

​पंडित मिश्रा ने कहा कि आज का समय प्रसन्न व्यक्ति को कम और संपन्न व्यक्ति को ज्यादा पकड़ता है। आज हर तरफ केवल संपन्न व्यक्ति का ही गुणगान किया जाता है। उन्होंने समाज पर तंज कसते हुए कहा कि आज तक कोई ऐसा व्यक्ति नहीं मिला जो किसी 'प्रसन्न' व्यक्ति का परिचय दे, लोग हमेशा 'संपन्न' व्यक्ति का ही परिचय देना गर्व की बात समझते हैं। आज लोगों का ध्यान इस बात पर नहीं है कि कोई कितना खुश है, बल्कि इस पर है कि उसके पास कितनी धन-दौलत है।

​महादेव की महिमा का बखान करते हुए उन्होंने कहा कि दुनिया भले ही संपन्नता को चुनती हो, लेकिन भगवान शिव संपन्न और प्रसन्न, दोनों ही प्रकार के व्यक्तियों को स्वीकार करते हैं। महादेव के लिए अमीरी-गरीबी या भौतिक सुख-सुविधाएं कोई मायने नहीं रखतीं; उनके लिए संपन्न और प्रसन्न दोनों ही भक्त बराबर हैं। जो सच्चे मन से उनकी शरण में आता है, शिव उसे अपना लेते हैं।


महादेव को सोने-चांदी का नहीं, तांबे के लोटे का जल है प्रिय: पंडित प्रदीप मिश्रा


​भीलवाड़ा। संकट मोचन हनुमान मंदिर में शिव पुराण कथा के दौरान विख्यात कथा वाचक पंडित प्रदीप मिश्रा ने भक्ति के सरल और वास्तविक मार्ग का वर्णन किया। उन्होंने कहा कि महादेव दिखावे के नहीं, बल्कि भाव के भूखे हैं। शिव को न चांदी का, न सोने का और न ही हीरे का लोटा पसंद है; उन्हें तो श्रद्धा से भरा तांबे का लोटा ही प्रिय है।

​पंडित मिश्रा ने जल की महिमा बताते हुए कहा कि वैसे तो भगवान शिव को गंगा और यमुना का जल अत्यंत प्रिय है, लेकिन जब आप अपने घर का साधारण जल पूर्ण विश्वास के साथ उन पर अर्पित करते हैं, तो वह जल चढ़ते ही गंगा-यमुना के जल के समान पवित्र बन जाता है। महादेव आपके द्वारा अर्पित किए गए उस कलश में आपकी आस्था देखते हैं।



​कथा के दौरान उन्होंने गृहस्थ जीवन पर चर्चा करते हुए 'प्रसन्नता' की परिभाषा समझाई। उन्होंने कहा कि पति को कभी-कभी अपनी पत्नी से आत्मीयता से पूछना चाहिए कि वह उदास क्यों है। जीवन का असली सार यही है कि आप स्वयं भी प्रसन्न रहें और अपने आस-पास के दूसरों लोगों को भी खुश रखें। यदि घर में प्रसन्नता है, तो वहां साक्षात् महादेव का वास है।


नौकरी-परीक्षा में असफलता से निराश युवा बढ़ाएं मेहनत, महादेव पर बेलपत्र अर्पित कर जाएं: पंडित प्रदीप मिश्रा

​ पंडित प्रदीप मिश्रा ने युवाओं को सफलता का मूल मंत्र दिया। उन्होंने उन युवाओं को संबोधित किया जो नौकरी न मिलने या परीक्षा में असफल होने के कारण हताश महसूस कर रहे हैं। पंडित मिश्रा ने कहा कि असफलता से निराश होने के बजाय, युवाओं को अपनी मेहनत और प्रयासों को और अधिक तेज करना होगा।

​सफलता का आध्यात्मिक उपाय बताते हुए पंडित मिश्रा ने कहा कि नौकरी या किसी प्रतियोगिता परीक्षा के लिए घर से निकलते समय भगवान शिव का स्मरण करें। महादेव को एक लोटा जल अर्पित करें।


इसके साथ ही, एक बेलपत्र पर शहद लगाकर (या अपनी श्रद्धा अनुसार चंदन) उसे शिवजी पर समर्पित करके जाएं। उन्होंने विश्वास दिलाया कि ऐसा करने से आपको न केवल मानसिक शांति मिलेगी, बल्कि आपके प्रयास सफल होंगे और आपको निश्चित रूप से सफलता प्राप्त होगी। उन्होंने युवाओं से कड़ी मेहनत के साथ-साथ महादेव में अटूट विश्वास रखने की अपील की।

भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें:

समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: [email protected], व्हाट्सएप: 9829041455)

विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129

संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा फोन: 7737741455

Tags

Next Story