बाजारों में तोड़फोड़ के बाद पुनर्निर्माण की मांग: भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने जिला कलक्टर को सौंपा पत्र

भीलवाड़ा । भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा के नेतृत्व में एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने आज जिला कलक्टर जसमीत सिंह संधू से मुलाकात की। भाजपा नेताओं ने शहर के मुख्य बाजारों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के बाहर अतिक्रमण हटाओ अभियान के तहत की गई तोड़फोड़ के बाद वहां सुव्यवस्थित पुनर्निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा।
जिला प्रवक्ता अंकुर बोरदिया ने बताया कि जिलाध्यक्ष मेवाड़ा ने कलक्टर का ध्यान इस ओर आकर्षित किया कि नगर निगम द्वारा जिस गति से निर्माण हटाए गए हैं, उसी तत्परता से वहां मरम्मत और सुव्यवस्थित गलियों का निर्माण होना चाहिए। वर्तमान में मलबे और अधूरे निर्माण के कारण व्यापारियों का दैनिक कामकाज बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।
त्योहारों का हवाला: व्यापारियों के हितों की रक्षा जरूरी
प्रतिनिधिमंडल ने पत्र में उल्लेख किया कि आगामी दिनों में नवरात्रि, शादी-ब्याह और आखा तीज जैसे बड़े अवसर आ रहे हैं। ऐसे में बाजारों का अस्त-व्यस्त होना व्यापार के लिए नुकसानदायक है। मेवाड़ा ने जोर दिया कि प्रशासन को एक निश्चित समय सीमा तय कर इन क्षेत्रों को उनके मूल और सुव्यवस्थित स्वरूप में वापस लाना चाहिए।
आवासीय क्षेत्रों में कार्रवाई से पहले विश्वास में ले प्रशासन
भाजपा ने आवासीय कॉलोनियों में संभावित कार्रवाई पर भी अपनी चिंता व्यक्त की। जिलाध्यक्ष ने कहा कि भीतरी हिस्सों और कॉलोनियों में कोई भी कदम उठाने से पहले आमजन को विश्वास में लेना अनिवार्य है। उन्होंने सुझाव दिया कि:
- कार्रवाई केवल उन क्षेत्रों तक सीमित हो जहाँ जल भराव या निकासी में गंभीर अवरोध हो।
- किसी भी कार्रवाई से पूर्व संबंधित क्षेत्रवासियों को नोटिस या सार्वजनिक सूचना जारी की जाए।
- मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के 'विकसित राजस्थान' विजन के अनुरूप जनहित सर्वोपरि रखा जाए।
कलक्टर का आश्वासन: मार्च में ही पूरा होगा कार्य
जिला कलक्टर जसमीत सिंह संधू ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि व्यावसायिक क्षेत्रों में पुनर्निर्माण कार्य को प्राथमिकता देते हुए मार्च माह के भीतर ही पूर्ण करने का प्रयास किया जाएगा। आवासीय क्षेत्रों के मुद्दे पर उन्होंने स्पष्ट किया कि केवल गंभीर जल भराव वाले स्थानों पर ही योजनाबद्ध तरीके से और जनता को साथ लेकर कदम उठाए जाएंगे।
इस अवसर पर भाजपा के प्रतिनिधिमंडल में जिला महामंत्री प्रहलाद त्रिपाठी, अविनाश जीनगर, जिला उपाध्यक्ष गोपाल तेली, कुलदीप शर्मा, मंजू चेचाणी, जिला मंत्री आरती कोगटा, जिला कोषाध्यक्ष ललित अग्रवाल, जिला सह कोषाध्यक्ष पंकज मानसिंहका, जिला प्रवक्ता अंकुर बोरदिया, मनोज बुलानी, शशांक बिड़ला, अभिश्रुता सोलंकी, बीएलए वन मुकेश चेचाणी, सुभाष मंडल अध्यक्ष ऋतुशेखर शर्मा, गणेश मंडल अध्यक्ष मुकेश सोनी, प्रताप मंडल अध्यक्ष नागेन्द्र सिंह, पंकज क्षोत्रिय, पुनीत प्रताप सिंह सहित कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।
