भगवानपुरा सरपंच की आईडी चालू करने की मांग: ग्रामीणों ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

भीलवाड़ा। पंचायत समिति माण्डल की ग्राम पंचायत भगवानपुरा के ग्रामीणों ने सोमवार को जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर ग्राम पंचायत की ऑनलाइन आईडी पुनः सुचारू करवाने की मांग की है। ग्रामीणों का आरोप है कि राजस्थान उच्च न्यायालय के स्पष्ट आदेश के बावजूद राजनीतिक द्वेषतावश आईडी चालू नहीं की जा रही है, जिससे विकास कार्य पूरी तरह ठप पड़े हैं।
क्या है पूरा मामला?
ग्रामीणों ने बताया कि पूर्व में राज्य सरकार द्वारा भगवानपुरा सरपंच को पदच्युत करने के आदेश जारी किए गए थे। इस निर्णय के विरुद्ध सरपंच ने राजस्थान उच्च न्यायालय, जोधपुर में याचिका दायर की थी। मामले की सुनवाई करते हुए न्यायालय ने 08 दिसंबर 2025 को सरपंच के पक्ष में निर्णय सुनाते हुए पद से हटाने के आदेश पर रोक लगा दी थी और उन्हें यथावत कार्य करने के निर्देश दिए थे।
विकास कार्य ठप, ग्रामीणों में भारी रोष
ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि न्यायालय के आदेश की प्रति जिला प्रशासन और संबंधित विभाग को उपलब्ध करवाने के बाद भी अब तक सरपंच की कार्य आईडी (Online ID) सक्रिय नहीं की गई है। आईडी बंद होने के कारण:
- ग्राम पंचायत के सभी सार्वजनिक और प्रशासनिक कार्य अटके हुए हैं।
- गांव में साफ-सफाई और स्वच्छता व्यवस्था चरमरा गई है।
- अधूरे पड़े विकास कार्यों के कारण ग्रामीणों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि आईडी चालू न होने से गांव में अशांति का माहौल पैदा हो रहा है और लोग बार-बार विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने कलेक्टर से न्यायोचित हस्तक्षेप कर तुरंत आईडी शुरू करवाने के आदेश प्रदान करने का आग्रह किया है।
